जयपुर। दौलतपुरा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने एक बाइक पर सवार चार दोस्तों को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से SMS अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं, हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश की जा रही है।
सुबह घर लौटते समय हुआ हादसा
दौलतपुरा थानाधिकारी महावीर यादव के अनुसार, मृतकों की पहचान अनिकेत (18) पुत्र रामकिशोर और प्रवीण (18) पुत्र प्रकाश के रूप में हुई है। वहीं विकास पुत्र जितेंद्र और शिवम पुत्र बबलू हादसे में घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार चारों दोस्त रविवार रात दौलतपुरा रिंग रोड के पास अनिकेत की बहन के घर गए थे। सुबह करीब 6:45 बजे चारों एक ही बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे।
इसी दौरान दौलतपुरा सर्विस रोड पर खेड़वाड़ी पुलिया के नीचे से गुजरते समय तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चारों युवक सड़क पर जा गिरे।

मौके पर दो युवकों की मौत
हादसे की सूचना मिलने पर दौलतपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को मौके पर दो युवक मृत अवस्था में मिले, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल थे। टोल एंबुलेंस की मदद से घायलों को तत्काल SMS अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार हादसे में मृत दोनों युवकों के पैर गंभीर रूप से कट गए। घटनास्थल पर ट्रक के अगले हिस्से में उनके पैर फंसे हुए मिले। पुलिस ने मौके से ट्रक को जब्त कर लिया है।
ट्रक चालक की तलाश जारी
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे की परिस्थितियों और ट्रक की रफ्तार सहित अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक चारों युवक मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के रहने वाले थे और परिवार के साथ जयपुर के हरमाड़ा क्षेत्र के माचड़ा में रह रहे थे। चारों युवक लोहा मंडी स्थित एक रबर रिंग फैक्ट्री में काम करते थे।
हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच के साथ फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी हुई है।

