पल पल राजस्थान/ पवन वैष्णव
आमेट। अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के निर्देशानुसार तेरापंथ युवक परिषद, आमेट द्वारा तेरापंथ सभा भवन में ठाणा-4 में विराजित साध्वी सम्यक् प्रभा, साध्वी सौम्य प्रभा, साध्वी मलय प्रभा व साध्वी दीक्षित प्रभा के पावन सान्निध्य में मंत्र दीक्षा कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ साध्वी श्री जी द्वारा नमस्कार महामंत्र से हुआ। ज्ञानशाला की प्रशिक्षिकाओं द्वारा मंगलाचरण प्रस्तुत किया गया। ‘नमस्कार महामंत्र चमत्कार’ विषय पर परिसंवाद हुआ, जिसमें ज्ञानार्थी कल्प हिरण ने कविता प्रस्तुत की, और बच्चों ने नमस्कार मुद्रा व योगासन की सुंदर झलक दिखाई।
संस्कारों का बीजारोपण अनिवार्य
मुख्य प्रशिक्षिका सज्जन मेहता ने ज्ञानशाला की गतिविधियों पर प्रकाश डाला। सभा मंत्री मनोहरलाल पितलिया ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को अधिकाधिक ज्ञानशाला भेजें ताकि उनमें धर्म और नैतिकता की मजबूत नींव डाली जा सके।
साध्वी श्री का भावपूर्ण संदेश
साध्वी सम्यक् प्रभा जी ने वर्तमान सामाजिक परिस्थितियों पर चिंतन करते हुए कहा कि “बच्चों को अगर प्रारंभ से ही धर्म-संस्कारों का वातावरण न मिले तो वे बाहर के माहौल में ढल जाते हैं।” उन्होंने नशीले पदार्थों के दुष्प्रभाव से बच्चों को सावधान किया और मंत्र दीक्षा प्रदान की।
सामूहिक सहभागिता और प्रेरणा
इस अवसर पर तेयुप अध्यक्ष योगेश ढिलीवाल, मंत्री विशाल पीतलिया, कोषाध्यक्ष ललित छाजेड़, सुदीप छाजेड़, लवेश मेहता, मुकेश सुराणा सहित कई पदाधिकारियों ने बच्चों को मंत्र दीक्षा किट वितरित किए।
कार्यक्रम का संचालन ज्ञानशाला संयोजिका आशा डूंगरवाल ने किया। इस अवसर पर प्रशिक्षिका संगीता पामेचा, संगीता चंडालिया, सुमित्रा चोरड़िया, तारा बम्ब सहित अनेक श्रावक-श्राविकाएं उपस्थित रहे।
अंत में जेटिऐन प्रभारी पवन कच्छारा ने तेरापंथ युवक परिषद की ओर से सभी का आभार व्यक्त किया।
