
उदयपुर। झीलों की नगरी उदयपुर एक बार फिर बॉलीवुड की शाही शादी की गवाह बनने जा रही है। बॉलीवुड की ‘मिमी’ यानी कृति सेनन की छोटी बहन एक्ट्रेस नूपुर सेनन और मशहूर सिंगर स्टेबिन बेन के विवाह समारोह के लिए फिल्मी सितारों का जमावड़ा शुरू हो गया है। बुधवार शाम को कृति सेनन अपनी बहन और होने वाले जीजा स्टेबिन के साथ चार्टर प्लेन से डबोक एयरपोर्ट पहुंचीं। इस दौरान कृति के साथ उनके रूमर्ड बॉयफ्रेंड कबीर बहिया भी नजर आए, जिसने चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है। नूपुर और स्टेबिन की यह रॉयल वेडिंग 11 जनवरी को होटल फेयरमोंट पैलेस में संपन्न होगी, जिसके लिए तैयारियां जोरों पर हैं।
डबोक एयरपोर्ट पर सितारों के उतरते ही ढोल-नगाड़ों के साथ राजस्थानी अंदाज में उनका भव्य स्वागत किया गया। अपनी पसंदीदा एक्ट्रेस और सिंगर की एक झलक पाने के लिए एयरपोर्ट पर फैंस की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। फैंस और मीडिया के कैमरों के बीच से निकलते हुए सभी सितारे सीधे होटल के लिए रवाना हो गए। शादी के आधिकारिक कार्यक्रम 9 जनवरी से शुरू होंगे, जिसमें संगीत, हल्दी और मेहंदी जैसी रस्में शामिल होंगी। 11 जनवरी को दोनों सात फेरे लेकर हमेशा के लिए एक-दूसरे के हो जाएंगे। बताया जा रहा है कि यह शादी बेहद निजी रखी गई है, जिसमें केवल परिवार के सदस्य और फिल्म व म्यूजिक इंडस्ट्री के कुछ चुनिंदा दोस्त ही शामिल होंगे।
नूपुर सेनन ने हाल ही में 3 जनवरी को सोशल मीडिया पर स्टेबिन के साथ अपनी सगाई की तस्वीरें साझा कर फैंस को सरप्राइज दिया था। उन्होंने कैप्शन में अपनी खुशी जाहिर करते हुए लिखा था कि “शायदों से भरी इस दुनिया में, मैंने अब तक का सबसे आसान ‘हां’ ढूंढ लिया।” अपनी छोटी बहन की विदाई को लेकर कृति सेनन काफी भावुक नजर आ रही हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, “आह, मैं बहुत ज्यादा रोने वाली हूं।” उदयपुर में शाही शादी के बाद 13 जनवरी को मुंबई में फिल्म इंडस्ट्री के दोस्तों और सहयोगियों के लिए एक भव्य रिसेप्शन पार्टी का आयोजन किया जाएगा।
