
उदयपुर। शहर की अग्रणी शिक्षण संस्था द रेडियंट एकेडमी का 6वां स्थापना दिवस समारोह बड़े ही उत्साह, हर्षोल्लास एवं पारिवारिक वातावरण में भव्य रूप से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं संस्था से जुड़े सभी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे आयोजन में ऊर्जा, आनंद और उत्सव का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम की अध्यक्षता रमेश चन्द्र सोमानी सर एवं पुष्पा सोमानी मैडम ने की , जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व राज्यमंत्री हरीश राजानी जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों के आगमन पर संस्था परिवार द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर डॉ. शैलेन्द्र सोमानी जी ने सभी अतिथियों को उपरना पहनाकर सम्मानित किया तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया।
अपने संबोधन में ने रेडियंट एकेडमी की शैक्षणिक उपलब्धियों एवं अनुशासित वातावरण की सराहना करते हुए कहा कि संस्था लगातार विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में उत्कृष्ट कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल अंक प्राप्त करने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण एवं संस्कारों का विकास भी उतना ही आवश्यक है, और रेडियंट एकेडमी इस दिशा में सराहनीय कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में रमेश चंद्र सोमानी सर एवं पुष्पा सोमानी मैम ने संस्था के सभी शिक्षकों एवं टीम सदस्यों को उनके समर्पण, मेहनत एवं उत्कृष्ट योगदान के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि संस्था की निरंतर सफलता के पीछे शिक्षकों की मेहनत, विद्यार्थियों की लगन एवं अभिभावकों का विश्वास सबसे बड़ी ताकत है।
समारोह में विशेष आकर्षण के रूप में राष्ट्रीय कवि अजात शत्रु ने अपनी ओजपूर्ण एवं हास्य रस से भरपूर कविताओं की प्रस्तुति देकर उपस्थित सभी लोगों का मन जीत लिया। उनकी शानदार काव्य प्रस्तुति पर पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों ने उनकी कविताओं का भरपूर आनंद लिया।
स्थापना दिवस समारोह के दौरान विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्होंने उपस्थित सभी अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में देशभक्ति गीत, समूह नृत्य, संगीत प्रस्तुतियां, मनोरंजक गेम्स एवं विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।
समारोह के दौरान संस्था परिवार के बीच सौहार्द एवं अपनत्व का विशेष माहौल देखने को मिला। सभी शिक्षकों, स्टाफ सदस्यों एवं उनके परिवारजनों ने कार्यक्रम का आनंद लिया। आयोजन को सफल बनाने में संस्था के सभी टीम सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
अंत में संस्था प्रबंधन द्वारा सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए सभी के सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
