खाकी का रौब दिखाकर शिक्षिका से रचाई शादी, ‘फ्री कटिंग’ के चक्कर में धरा गया फर्जी सिपाही

प्रतापगढ़। राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले की अरनोद थाना पुलिस ने एक ऐसे ‘नटवरलाल’ को दबोचा है, जिसने खाकी वर्दी का खौफ दिखाकर न केवल लोगों को गुमराह किया, बल्कि एक शिक्षिका की जिंदगी के साथ भी खिलवाड़ कर दिया। आरोपी उमेश डामोर खुद को राजस्थान पुलिस का जवान बताकर धौंस जमाता था, लेकिन उसकी एक छोटी सी लालच ने उसे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

शादी की खातिर सिली फर्जी वर्दी पीपलखूंट का रहने वाला 23 वर्षीय उमेश पुलिस की वर्दी पहनकर रसूख झाड़ने का शौकीन था। उसने बाकायदा पुलिस की वर्दी सिलवाई और उसमें फोटो खिंचवाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। इसी फर्जी पहचान के जाल में फंसाकर उसने एक सेकंड ग्रेड शिक्षिका को शादी के लिए राजी कर लिया और उससे विवाह भी रचा लिया।

सैलून में ‘जय हिंद’ सुनते ही ठनका पुलिस का माथा आरोपी की किस्मत ने तब दगा दिया जब वह अरनोद बस स्टैंड स्थित एक हेयर सैलून पर कटिंग कराने पहुंचा। वह अक्सर पुलिस की धौंस दिखाकर मुफ्त में कटिंग करवाता था। 24 जनवरी को जब पुलिस की स्पेशल टीम वहां पहुंची, तो दुकानदार ने उसे सम्मान में ‘जय हिंद’ कहा। पुलिस टीम को शक हुआ और जब उमेश से उसका बेल्ट नंबर और तैनाती पूछी गई, तो वह सकपका गया।

मोबाइल ने खोले राज, वर्दी भी बरामद कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी टूट गया और अपना गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस लाइन से पुष्टि करने पर पता चला कि महकमे में इस नाम का कोई कर्मचारी है ही नहीं। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल से पुलिस की वर्दी वाले कई फोटो और वीडियो बरामद किए हैं। साथ ही उसकी निशानदेही पर वह फर्जी वर्दी भी जब्त कर ली गई है, जिसे पहनकर वह इलाके में रौब झाड़ता था। फिलहाल पुलिस यह पता लगा रही है कि उसने शिक्षिका के अलावा और कितने लोगों को अपनी ठगी का शिकार बनाया है।

Spread the love