पल पल राजस्थान

इस्लामाबाद। पाकिस्तानी पंजाब इन दिनों कुदरत के कहर से बेहाल है। लगातार हो रही तेज बारिश और बाढ़ ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। बीते 24 घंटों में 63 लोगों की मौत और 290 से ज्यादा लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है। हालात बिगड़ते देख सरकार ने कई जिलों में इमरजेंसी लागू कर दी है।
पंजाब डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (PDMA) के अनुसार, लाहौर में सबसे ज्यादा 15 लोगों की मौत हुई है। इसके अलावा फैसलाबाद में 9, साहिवाल में 5, पाकपट्टन में 3 और ओकारा में 9 लोगों की जान चली गई। मरने वालों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। सरकार ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने सोशल मीडिया पर बयान जारी करते हुए कहा कि राज्य के कई हिस्सों में असामान्य बारिश और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए आपातकाल घोषित किया गया है। उन्होंने जनता से प्रशासन के साथ सहयोग करने और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की अपील की है।
झेलम जिले में बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। अब तक 57 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। प्रशासन के अनुसार 15,000 से ज्यादा रेस्क्यू वर्कर्स और 800 नावें अलर्ट मोड पर हैं।
इस्लामाबाद में भी हालात सामान्य नहीं हैं। भारी बारिश की चेतावनी के बाद राजधानी प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा गया है। कैपिटल डेवलपमेंट अथॉरिटी (CDA) ने अधिकारियों को इमरजेंसी में हरसंभव मदद देने के निर्देश दिए हैं। सभी हाईवे, नालों और जल निकासी मार्गों की कड़ी निगरानी की जा रही है।
चकवाल जिले में मंगलवार रात बादल फटने की घटना ने हालात और बिगाड़ दिए। करीब 10 घंटे में 400 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जिससे अचानक बाढ़ आ गई और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। मंडी बहाउद्दीन में बारिश के पानी में डूबने से एक 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि करंट लगने से दो अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
पाकिस्तान मौसम विभाग (PMD) ने चेतावनी दी है कि देश के विभिन्न हिस्सों में 17 जुलाई तक भारी बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रहेगा। NDMA ने जनता को सतर्क रहने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।
बाढ़ और बारिश से बेहाल पाकिस्तान के लिए आने वाले दिन और भी चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस आपदा से कैसे निपटता है और कितनी तत्परता से राहत कार्यों को अंजाम देता है।
