खेरवाड़ा में शराब तस्करी का बड़ा खुलासा, ग्रेनाइट स्लेब से लदे ट्रक में मिले 8 गुप्त चेंबर

उदयपुर। आबकारी विभाग ने विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत खेरवाड़ा में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्रेनाइट स्लेब से लदे एक टाटा ट्रक से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की है। ट्रक में शराब छिपाने के लिए बनाए गए 8 गुप्त चेंबर मिले, जिन्हें देखकर आबकारी टीम भी हैरान रह गई।

आबकारी विभाग के अनुसार मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर गुरुवार रात खेरवाड़ा नेशनल हाईवे पर एक संदिग्ध टाटा ट्रक को रुकवाकर उसकी तलाशी ली गई। ट्रक में ग्रेनाइट के स्लेब लदे हुए थे। तलाशी के दौरान स्लेब के बीच बेहद शातिराना तरीके से बनाए गए गुप्त चेंबर सामने आए। इन चेंबरों में शराब छिपाकर गुजरात ले जाने की तैयारी थी।

जांच के दौरान गुप्त चेंबरों से फोर सेल इन चंडीगढ़ पार्टी स्पेशल व्हिस्की की 240 बोतल, ब्लू स्टोर्क व्हिस्की के 48 पव्वे, रॉयल चैलेंज व्हिस्की की 48 बोतल, 8 पीएम व्हिस्की के 288 पव्वे और किंगफिशर बीयर के 360 केन बरामद किए गए।

कार्रवाई के दौरान केकड़ी निवासी सुरेश बैरवा को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका एक अन्य साथी मौके से फरार होने में सफल रहा। आबकारी विभाग ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी की तलाश के साथ ही शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क को लेकर जांच की जा रही है।

यह कार्रवाई आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत की गई। अतिरिक्त आबकारी आयुक्त प्रदीप सिंह सांगावत, अतिरिक्त आबकारी आयुक्त उदयपुर जोन प्रभा गौतम और उपायुक्त ईपीएफ उदयपुर जोन प्रद्युम्न सिंह चुण्डावत के सुपरविजन में आबकारी टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

कार्रवाई में आबकारी अधिकारी निरोधक दल उदयपुर विकास चारण, प्रहराधिकारी खेरवाड़ा करणी सिंह, प्रहराधिकारी उदयपुर दौलत सिंह सहित उदयपुर और खेरवाड़ा का ईपीएफ जाब्ता शामिल रहा।

ग्रेनाइट के स्लेब के बीच गुप्त चेंबर बनाकर शराब छिपाने का यह तरीका सामने आने के बाद आबकारी विभाग अब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगा है।

Spread the love