
उदयपुर के बाघपुरा थाना क्षेत्र में मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया, जिसमें दो लोगों की जान चली गई। पुलिस ने इस दोहरे हत्याकांड में मुख्य भूमिका निभाने वाले 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि 3 बाल अपचारियों को भी संरक्षण में लिया गया है। वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और अन्य हथियार भी बरामद कर लिए गए हैं।
मामले की शुरुआत 14 मार्च की रात को हुई जब प्रार्थी आशीष अपने भाई भैरूलाल और दोस्त सुखलाल के साथ बाइक से सेलाणा गांव जा रहे थे। रास्ते में सामने से नशे में धुत करीब 10-12 युवक 6-7 बाइकों पर आए। आरोपियों ने ‘साइड में क्यों नहीं चल रहे’ जैसी छोटी सी बात पर गाली-गलौज शुरू कर दी। जब पीड़ितों ने कहा कि वे अपनी साइड में ही हैं, तो आरोपियों ने उन पर जानलेवा हमला बोल दिया।
हमला इतना बर्बर था कि आरोपियों ने चाकू, तलवार और बीयर की खाली बोतलों का इस्तेमाल किया। लक्ष्मण नामक आरोपी ने सुखलाल के सीने में चाकू घोंप दिया, वहीं प्रभु नाम के युवक ने बीयर की बोतल फोड़कर भैरूलाल के पेट में मार दी। बीच-बचाव करने आए सुमित के साथ भी मारपीट की गई। हमले में घायल हुए सुखलाल और भैरूलाल ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कन्हैयालाल, अभिषेक, जितेन्द्र, हरीश, हिमांशु, मनीष और पंकज को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी वेलाराम के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि सभी आरोपी नशे की हालत में थे और महज सड़क पर साइड देने के विवाद में उन्होंने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
