पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह की दूसरी शादी पर भारी बवाल, चारण समाज ने किया सामाजिक बहिष्कार

चित्रा सिंह की मौत की CBI जांच की मांग


जोधपुर। मारवाड़ की सियासत और सामाजिक गलियारों में पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह जसोल की कथित दूसरी शादी ने एक बड़ा तूफान खड़ा कर दिया है। इस खबर के सामने आने के बाद न केवल जसोल परिवार में दरार दिखी है, बल्कि पूरे चारण समाज ने मानवेंद्र सिंह के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उनके पूर्ण सामाजिक बहिष्कार का ऐलान कर दिया है। जोधपुर के नागौरी गेट स्थित चारण छात्रावास में आयोजित मारवाड़ प्रांतीय चारण सभा की आपात बैठक में समाज के प्रबुद्धजनों ने इस कदम को सामाजिक मर्यादाओं का उल्लंघन बताते हुए आर-पार की जंग का संकल्प लिया है।
अखिल भारतीय चारण गढ़वी महासभा के अध्यक्ष सीडी देवल की अध्यक्षता में हुई इस गर्मागरम बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि भविष्य में समाज का कोई भी व्यक्ति जसोल के किसी भी निजी या सार्वजनिक कार्यक्रम में शिरकत नहीं करेगा। समाज ने न केवल मानवेंद्र सिंह, बल्कि उस परिवार का भी पूरी तरह बहिष्कार करने का निर्णय लिया है जिनसे उनके विवाह की चर्चाएं हैं। बैठक में मौजूद वक्ताओं ने दो टूक शब्दों में कहा कि एक सार्वजनिक जीवन जीने वाले व्यक्ति का ऐसा आचरण समाज स्वीकार नहीं करेगा।
इस विवाद ने 30 जनवरी 2024 को अलवर के पास हुए उस भीषण सड़क हादसे की यादें भी ताजा कर दी हैं, जिसमें मानवेंद्र सिंह की पत्नी चित्रा सिंह की दर्दनाक मृत्यु हो गई थी। अब चारण समाज ने इस हादसे को लेकर गंभीर संदेह व्यक्त करते हुए केंद्र सरकार से इसकी सीबीआई जांच कराने की पुरजोर मांग उठाई है। समाज का तर्क है कि वर्तमान परिस्थितियों और घटनाक्रम को देखते हुए इस पुराने मामले की तह तक जाना बेहद जरूरी हो गया है ताकि चित्रा सिंह की मौत का असली सच जनता के सामने आ सके।
मामला अब केवल सामाजिक स्तर तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि इसमें राजनीतिक रंग भी घुल गया है। चारण सभा ने भारतीय जनता पार्टी के आलाकमान को पत्र लिखकर मानवेंद्र सिंह जसोल को तत्काल पार्टी से निष्कासित करने की मांग की है। गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर दूसरी शादी की तस्वीरें वायरल होने के बाद मानवेंद्र सिंह के पुत्र हम्मीर सिंह और पुत्री हर्षिणी कुमारी ने भी अपनी गहरी नाराजगी जाहिर की थी। अब समाज के इस कड़े रुख और चौतरफा दबाव ने पूर्व सांसद की राजनीतिक और व्यक्तिगत मुश्किलें और ज्यादा बढ़ा दी हैं।

Spread the love