उदयपुर के गेम जोन में लगी भीषण आग:25 लाख से ज्यादा का नुकसान, काला और प्लास्टिक का धुआं हवा में फैला

उदयपुर के सुखेर थाना इलाके में स्थित एक गेम जोन में दोपहर बाद अचानक भीषण आग लग गई। पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। गेम जोन के भीतर मौजूद प्लास्टिक का सामान, फोम के गद्दे और बच्चों के खेलने के उपकरणों ने आग तेज हो गई। आग से गेम जोन के संचालक को करीब 25 लाख रुपए से ज्यादा का नुकसान हुआ है। घटना सुखेर के नवरत्न कॉम्प्लेक्स में ट्रेम्पोलियन पार्क के ‘स्काई विले’ की है।

घटना की सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी के निर्देश पर फायर ऑफिसर नवदीप बग्गा के नेतृत्व में अग्निशमन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। करीब 10 हजार स्क्वायर फीट के विस्तृत क्षेत्र में फैले इस गेम जोन में आग को काबू करने के लिए दमकल की 5 गाड़ियों को तैनात किया गया।दमकलकर्मियों को करीब डेढ़ घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी और पानी के कई फेरे लगाने के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सका। आग के कारण निकलने वाला काला धुआं काफी दूर तक फैलता रहा, जिससे आसपास के लोगों को कई देर तक सांस लेने में भी हल्की कठिनाई महसूस हुई।प्रारंभिक जांच के अनुसार इस अग्निकांड की मुख्य वजह बिजली का शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। गेम जोन में अधिकांश सजावटी और खेलने की चीजें प्लास्टिक और सिंथेटिक सामग्री से बनी थीं, जिसके कारण आग बुझाना दमकलकर्मियों के लिए एक बड़ी चुनौती साबित हुआ। गनीमत यह रही कि आग लगने के दौरान परिसर में भगदड़ नहीं मची और कोई जनहानि नहीं हुई।

Spread the love