उदयपुर । स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अर्बन स्क्वायर मॉल में देशभक्ति और सामुदायिक एकजुटता की अनोखी मिसाल देखने को मिली। उदयपुर के 10 हजार से अधिक लोगों ने अपने हाथों की छाप से 300 फीट चौड़ा और 15 फीट ऊंचा तिरंगा तैयार किया। इस अनूठी पहल के जरिए शहरवासियों ने एक साथ मिलकर राष्ट्रीय गौरव और देशभक्ति की भावना को प्रदर्शित किया।
प्रसिद्ध आर्किटेक्ट सुनील लाधा के नेतृत्व में अर्बन स्केचर्स ने इस पहल की परिकल्पना और डिजाइन तैयार किया। तिरंगे को केसरिया, सफेद और हरे रंग के तीन 100-100 फीट के पैनल में तैयार किया गया। इसकी खासियत यह रही कि इन तीनों हिस्सों को रंगों से नहीं, बल्कि उदयपुर के नागरिकों की वास्तविक हाथों की छाप से तैयार किया गया। आयोजन में डॉ. अर्चना शक्तावत के नेतृत्व वाली उदयपुर पिंक वुमेन आर्मी, श्रद्धा गट्टानी और मुकेश माधवानी के नेतृत्व वाला बीसीआई टूरिज्म ग्रुप, अर्बन स्केचर्स सहित सेंट मैथ्यू स्कूल, प्रयास, मिरांडा और रॉयल एकेडमी जैसे स्कूलों ने भाग लिया। रिवरफ्रंट नव रतन कम्युनिटी और ग्रेस क्रिस्टल जैसी आरडब्ल्यूए के साथ लेट अस हॉप जैसे सामाजिक समूह, ग्राहक और मॉल की टीम भी इस अभियान में शामिल हुई।
*तिरंगे में दिखी मेवाड़ की वीरता*
इस विशाल कलाकृति में देश के स्वतंत्रता आंदोलन और मेवाड़ की गौरवशाली विरासत को भी स्थान दिया गया। इसमें महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी महाराज, भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव समेत कई वीरों की झलक दिखाई गई। इन ऐतिहासिक व्यक्तित्वों के माध्यम से साहस, बलिदान, एकता और राष्ट्रीय गौरव का संदेश दिया गया।
भूमिका एंटरप्राइजेज की सीईओ नंदिनी तनेजा ने कहा कि उदयपुर के लोगों से मिली प्रतिक्रिया और भागीदारी से हम बेहद उत्साहित है। उन्होंने कहा कि इस तिरंगे की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे समुदाय के लोगों ने अपने हाथों से तैयार किया है। 10 हजार से अधिक लोगों ने अपनी-अपनी छाप छोड़कर एकता और देशभक्ति के साझा प्रतीक को आकार दिया।
अर्बन स्क्वायर मॉल में प्रदर्शित इस 300 फीट लंबे तिरंगे ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को खास बना दिया। आयोजन ने यह संदेश भी दिया कि जब पूरा समुदाय एकजुट होकर किसी उद्देश्य के लिए आगे आता है तो हजारों लोगों की व्यक्तिगत भागीदारी मिलकर एक बड़े राष्ट्रीय प्रतीक का रूप ले सकती है।
