जयपुर | राजधानी जयपुर में 25 वर्षीय युवती से दोस्ती के बाद दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने मिलने के बहाने बुलाकर जबरन दुष्कर्म किया और घटना का अश्लील वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी देते हुए करीब एक साल तक देहशोषण करता रहा। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, युवती की आरोपी से करीब एक साल पहले कॉलोनी में नौकरी के दौरान पहचान हुई थी। बातचीत के बाद दोनों के बीच दोस्ती हुई। इसी दौरान आरोपी ने मिलने के बहाने युवती को बुलाया और सुनसान जगह पर ले जाकर कथित तौर पर दुष्कर्म किया। आरोप है कि उसने घटना का वीडियो भी अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया।
इसके बाद आरोपी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर युवती को लगातार ब्लैकमेल करता रहा और अलग-अलग स्थानों पर बुलाकर उसका शोषण करता रहा। मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर युवती ने पूरी बात अपने परिजनों को बताई, जिसके बाद थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल करवाकर बयान दर्ज किए और फरार आरोपी की तलाश शुरू की। रविवार रात दबिश देकर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले की जांच जारी है।
