उदयपुर। कायस्थ समाज की प्रमुख संस्था चित्रांश कायस्थ सभा उदयपुर के महिला प्रकोष्ठ के तत्वावधान में सावन महोत्सव के तहत ‘आया सावन झूमके’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन एकलिंगपुरा स्थित रिसोर्ट में किया गया। सुरम्य प्राकृतिक वातावरण के बीच आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों ने नृत्य, गायन, मनोरंजक खेलों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ सावन का उत्साह मनाया।
महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष श्रीमती मीनाक्षी रायजादा ने बताया कि कार्यक्रम में मनोरंजन के साथ सामाजिक जागरूकता का संदेश भी दिया गया। महिलाओं को कैंसर के प्रति जागरूकता के साथ बैंक फ्रॉड और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपायों की जानकारी दी गई।
उपाध्यक्ष श्रीमती कामिनी सक्सेना ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ ढोल-नगाड़ों की थाप के बीच सुश्री शौर्या एवं तन्वी माथुर ने राजस्थानी वेशभूषा में नृत्य करते हुए अतिथियों का स्वागत कर किया। वहीं उपाध्यक्ष भुवनेश्वरी माथुर ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण शिव-पार्वती की जोड़ी रही। शिव के रूप में पूनम माथुर और पार्वती की भूमिका में श्रीमती रिचा रायजादा ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुति देकर सभी का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम में गुब्बारा गेम, रिंग गेम सहित विभिन्न मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष मीनाक्षी रायजादा ने श्रीमती कामिनी सक्सेना, दुलारी माथुर, विभा माथुर, रत्ना माथुर, डॉ. विनिता सक्सेना, अलका श्रीवास्तव एवं निर्मला भटनागर को भामाशाह के रूप में सम्मानित किया।
श्रीमती प्रतिभा भटनागर ने सभी प्रतिभागियों को उपहार प्रदान किए, जबकि श्री दीपक श्रीवास्तव ने महिला प्रकोष्ठ की कार्यकारिणी को उपहार भेंट किए। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में कामिनी सक्सेना, भुवनेश्वरी माथुर, अनुभा सक्सेना, राखी सक्सेना, शिखा भटनागर, आशिता सक्सेना, रिचा रायजादा, रुक्मिणी भटनागर, रत्ना माथुर एवं अंकिता माथुर का सहयोग रहा। मंच संचालन श्रीमती निधि सक्सेना एवं श्रीमती आशा भटनागर ने किया।
