आदिम एवं लोक कलाओं के संरक्षण, संवर्धन एवं
प्रचार-प्रसार हेतु समर्पित अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त संस्था भारतीय
लोक कला मण्डल, उदयपुर द्वारा पर्यटकों एवं दर्शकों की सुविधा के लिए
संग्रहालय, कठपुतली प्रदर्शन तथा लोकनृत्य के कार्यक्रमों के लिए ऑनलाइन
टिकिटिंग सुविधा प्रारम्भ कर दी गई है।
इस नई व्यवस्था के माध्यम से उदयपुर आने वाले देशी-विदेशी पर्यटक अपनी
सुविधा के अनुसार पूर्व में ही टिकट बुक कर सकेंगे तथा भारतीय लोक कला
मण्डल के भ्रमण एवं कार्यक्रमों का समय निर्धारित कर पाएंगे। इससे टिकट
उपलब्धता की अनिश्चितता समाप्त होगी तथा टिकट खरीदने के लिए कतार में
लगने जैसी असुविधा से भी राहत मिलेगी। पूर्व बुकिंग होने के कारण पर्यटक
निर्धारित समय पर सीधे प्रवेश प्राप्त कर सकेंगे। यह सुविधा उन्हें कहीं
से भी, किसी भी समय मोबाइल ऑनलाइन टिकट बुक करने पर मिल सकेगी।
भारतीय लोक कला मण्डल के निदेशक डॉ. लईक हुसैन ने बताया कि इस संबंध में
आज भारतीय लोक कला मण्डल में अहमदाबाद की ऑल इवेंट्स कंपनी के
पदाधिकारियों के साथ एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें ऑनलाइन टिकिटिंग
सुविधा के संचालन हेतु दोनों संस्थाओं के मध्य एक एमओयू पर हस्ताक्षर किए
गए।
उन्होंने बताया कि बैठक में उदयपुर ब्लॉक के संजीत चौहान भी उपस्थित रहे।
जो इस ऑनलाइन टिकिट प्रणाली के लिए आवश्यक तकनीकी एवं स्थानीय सहयोग
प्रदान करेंगे।
इस अवसर पर ऑल इवेंट्स की ओर से अमित पांचाल, अक्षत शाह एवं नवगन डांबी,
उदयपुर ब्लॉक की ओर से संजीत चौहान, तथा भारतीय लोक कला मण्डल की ओर से
कोमल कोठारी, उपाध्यक्ष, सत्य प्रकाश गौड़,मानद सचिव, डॉ. लईक हुसैन,
निदेशक, यशवंत गांधी, रमेश डांगी एवं रोहित मेनारिया उपस्थित रहे।
डॉ. लईक हुसैन ने बताया कि भारतीय लोक कला मण्डल की ऑनलाइन टिकिटिंग
सुविधा 30 जून 2026 से विधिवत प्रारम्भ कर दी गई है, जिससे पर्यटकों को
अधिक सुविधाजनक, सरल एवं आधुनिक टिकट बुकिंग अनुभव प्राप्त होगा।
