भीलवाड़ा में अपहरण और फिरौती मामले के तीन हिस्ट्रीशीटरों की निकाली गई पैदल परेड

भीलवाड़ा। जिले के गुलाबपुरा थाना क्षेत्र में युवक के अपहरण, बेरहमी से मारपीट और फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए तीन हिस्ट्रीशीटर आरोपियों की सार्वजनिक रूप से पैदल परेड करवाई। पुलिस थाने से करीब एक किलोमीटर तक आरोपियों को पैदल ले जाया गया, जिससे आम लोगों के बीच कानून का संदेश पहुंचे और अपराधियों में भय पैदा हो।

पुलिस के अनुसार, 18 जून को दिल्ली से लौटे एक युवक का आरोपियों ने अपहरण कर उसे गंगापुर ले जाकर बुरी तरह पीटा। इसके बाद उसे छोड़ने के बदले 5 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। अगले दिन 19 जून की शाम करीब 6 बजे आरोपियों ने युवक को भीलवाड़ा बाईपास पर छोड़ दिया। घायल युवक किसी तरह रात करीब 11 बजे अपने घर पहुंचा, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने कोतवाली थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर सिकंदर लॉटरी तथा गांधीनगर थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर समीर पठान और काला को गिरफ्तार किया। जांच के बाद तीनों आरोपियों को मौका तस्दीक के लिए भारी पुलिस जाब्ते के साथ घटनास्थल ले जाया गया।

परेड के दौरान तीनों आरोपी लड़खड़ाते हुए चलते दिखाई दिए और बीच-बीच में सड़क पर बैठकर आराम करने की गुहार लगाते नजर आए। पुलिसकर्मियों ने उन्हें संभालते हुए आगे बढ़ाया। इस दौरान सड़क पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और कई राहगीर व वाहन चालक रुककर पूरी कार्रवाई देखते रहे।

सीओ सिटी सज्जन सिंह ने बताया कि तीनों आरोपी पुराने हिस्ट्रीशीटर हैं और अपराधियों को स्पष्ट संदेश देने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति जिले में भय या अशांति का माहौल पैदा करने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ पुलिस सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी।

पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराध के खिलाफ कड़े रुख के रूप में देखा जा रहा है और स्थानीय लोगों ने भी इसे कानून व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

Spread the love