
मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में शुक्रवार को दिनदहाड़े बड़ी बैंक डकैती हुई। बैढ़न स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा में 5 हथियारबंद बदमाश घुस गए और करीब 15 करोड़ रुपए के सोने-नकदी पर हाथ साफ कर फरार हो गए। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, बदमाश दोपहर करीब 1 बजे बैंक में दाखिल हुए। पहले दो आरोपी अंदर घुसे और कर्मचारियों को बंदूक की नोक पर बंधक बना लिया। कुछ ही मिनटों बाद तीन और साथी बैंक में पहुंचे और पूरे परिसर पर कब्जा कर लिया।
बदमाशों ने बैंक मैनेजर से कैश और लॉकर की चाबियां मांगीं। विरोध करने पर मैनेजर की बेरहमी से पिटाई की गई और बंदूक की बट से सिर पर हमला किया गया। आरोपियों ने करीब 15 मिनट तक बैंक में उत्पात मचाया।
लुटेरे बैंक के लॉकर से करीब 9 से 10 किलो सोना और लगभग 20 लाख रुपए नकद लेकर भाग निकले। बताया जा रहा है कि यह सोना ग्राहकों का था, जिसे बैंक ने गिरवी रखकर लोन दिया था।
घटना के दौरान एक फायरिंग भी की गई। पुलिस के अनुसार, वारदात के समय बैंक में कोई सुरक्षा गार्ड मौजूद नहीं था।
मामले की सूचना मिलते ही जिलेभर में नाकाबंदी कर दी गई। शहर के सभी एग्जिट पॉइंट सील कर दिए गए हैं। बैंक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। एक फुटेज में तीन आरोपी बैंक से भागते दिखाई दिए हैं।
मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश पर डीजीपी कैलाश मकवाना रात में सिंगरौली पहुंचे। रीवा रेंज की फोरेंसिक टीम भी जांच में जुटी है।
एसपी मनीष खत्री ने कहा कि सीमावर्ती राज्यों छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश की पुलिस से भी सहयोग लिया जा रहा है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
