₹2.35 तक महंगा हुआ पेट्रोल, जानें आपकी जेब पर कितना बढ़ेगा बोझ

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई भारी तेजी का असर अब भारतीय उपभोक्ताओं की जेब पर दिखने लगा है। सरकारी तेल कंपनियों जैसे इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम ने शुक्रवार से प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में ₹2.09 से लेकर ₹2.35 प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी कर दी है। इस वृद्धि का मुख्य कारण मध्य-पूर्व में जारी युद्ध और वैश्विक अस्थिरता को माना जा रहा है, जिसकी वजह से कच्चे तेल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं।

वर्तमान में ब्रेंट क्रूड ऑयल जहाँ 109 डॉलर प्रति बैरल के आसपास है, वहीं भारत के लिए ‘इंडियन बास्केट’ की कीमत लगभग दोगुनी होकर 146 डॉलर तक पहुँच गई है। इस दबाव के चलते कंपनियों ने प्रीमियम सेगमेंट जैसे स्पीड, पावर और एक्सपी95 के दामों में बदलाव किया है। इस बढ़ोतरी के बाद देश के प्रमुख महानगरों में प्रीमियम पेट्रोल की कीमतें अब रिकॉर्ड स्तर के करीब हैं। उदाहरण के तौर पर दिल्ली में अब इसकी कीमत ₹112 तक पहुँच गई है, जबकि मुंबई में यह ₹120 प्रति लीटर के आंकड़े को पार कर चुका है।

हालांकि, आम जनता के लिए राहत की बात यह है कि बेस फ्यूल यानी सामान्य पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यह बढ़ोतरी केवल हाई-परफॉरमेंस और लग्जरी गाड़ियों में इस्तेमाल होने वाले ईंधन तक सीमित है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें 80 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर बनी रहती हैं, तो आने वाले समय में सामान्य पेट्रोल और डीजल की कीमतों पर भी दबाव बढ़ सकता है और उनमें भी संशोधन देखने को मिल सकता है। फिलहाल, सभी की नजरें मिड-ईस्ट के हालातों और कच्चे तेल की भविष्य की चाल पर टिकी हैं।

Spread the love