
अजमेर। राजस्थान की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में इन दिनों हड़कंप मचा हुआ है। प्रदेश के कुख्यात गैंगस्टर आनंदपाल सिंह और रोहित गोदारा गैंग से जुड़े 8 खूंखार अपराधियों ने जेल प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और सामूहिक भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। ये अपराधी जेल के कड़े नियमों को चुनौती देते हुए अपनी मांगें मनवाने पर अड़े हैं।
इन खूंखार कैदियों ने खोला मोर्चा: भूख हड़ताल करने वालों में झुंझुनूं का अशोक, सीकर का मनीष उर्फ बच्चा, बीकानेर का गणेश, बहरोड का महेश उर्फ कोचचा, जयपुर का मुकेश, सीकर का सुभाष, बीकानेर का राकेश और सीकर का कुलदीप उर्फ केडी शामिल हैं। ये सभी प्रदेश के बड़े अपराधों और गैंगवार की घटनाओं में शामिल रहे हैं।
ये हैं प्रमुख मांगें: जेल सूत्रों के अनुसार, इन हार्डकोर अपराधियों ने जेल प्रशासन के सामने मुख्य रूप से ये मांगें रखी हैं:
- कैंटीन खाते की सीमा: जेल कैंटीन में खर्च करने वाली राशि की लिमिट बढ़ाई जाए।
- STD वार्ता: परिजनों या वकीलों से फोन पर बात करने का समय (STD वार्ता) बढ़ाया जाए।
- वार्ड बदलाव: सुरक्षा के लिहाज से अलॉट किए गए वार्डों को बदला जाए।
प्रशासन में हड़कंप: जेल अधीक्षक भंवर सिंह और अन्य वरिष्ठ अधिकारी लगातार इन कैदियों से समझाइश करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अपराधी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। जेल प्रशासन ने इस गंभीर स्थिति की पूरी जानकारी जयपुर मुख्यालय को भेज दी है। हाई सिक्योरिटी जेल में एक साथ इतने हार्डकोर अपराधियों का हड़ताल पर जाना सुरक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती माना जा रहा है।
