उदयपुर में प्रेमी युगल का आत्मघाती कदम, घर से लापता नाबालिग और युवक के शव फंदे पर लटके मिले

उदयपुर। राजस्थान के उदयपुर जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक किशोर और किशोरी ने मौत को गले लगा लिया। ऋषभदेव थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक 18 वर्षीय युवक और 16 वर्षीय नाबालिग लड़की के शव पेड़ से फंदे पर लटके मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों मंगलवार रात से अपने-अपने घरों से लापता थे, जिसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की थी। सुबह जब ग्रामीणों की नजर जंगल में लटके शवों पर पड़ी, तो कोहराम मच गया।

ऋषभदेव थानाधिकारी हेमंत अहारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर एफएसएल (FSL) और डॉग स्क्वायड की टीम को बुलाया है, ताकि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा सकें। प्रारंभिक जांच और ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, मामला प्रेम प्रसंग का बताया जा रहा है। चर्चा है कि दोनों पिछले 4 साल से एक-दूसरे को जानते थे, लेकिन उम्र के इस पड़ाव पर उन्होंने यह खौफनाक कदम क्यों उठाया, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है और परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। थानाधिकारी ने बताया कि पुलिस हर एंगल से मामले की तफ्तीश कर रही है ताकि सुसाइड के पीछे की असली वजह सामने आ सके। इस घटना के बाद से गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग इस तरह के आत्मघाती कदम को लेकर स्तब्ध हैं।

Spread the love