उदयपुर एसीबी की बड़ी कार्रवाई: गैराज मालिक को डराकर रिश्वत वसूलता कांस्टेबल रंगे हाथों गिरफ्तार, एएसआई सहित दो फरार

उदयपुर। झीलों की नगरी में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की स्पेशल यूनिट ने खाकी को दागदार करने वाले एक मामले का पर्दाफाश किया है। ब्यूरो ने बुधवार देर रात कार्रवाई करते हुए एक कांस्टेबल को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी पुलिसकर्मी अपने साथियों के साथ मिलकर एक गैराज मालिक को झूठे केस में फंसाने और दुकान सीज करने की धमकी देकर अवैध वसूली कर रहा था।

झूठे आरोपों का डर दिखाकर मांगी ‘मंथली’ एसीबी महानिदेशक डॉ. गोविंद गुप्ता के अनुसार, परिवादी महेंद्र डांगी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका एकलिंगपुरा में कार सर्विस का गैराज है। करीब 4-5 दिन पहले सादी वर्दी में कुछ पुलिसकर्मी सरकारी गाड़ी लेकर उसके गैराज पहुंचे और खुद को ‘डिप्टी साहब’ की स्पेशल टीम का हिस्सा बताया। इन पुलिसकर्मियों ने गैराज में खड़ी गाड़ियों के बोनट खोलकर जांच की और पीड़ित पर चोरी की गाड़ियां काटने का झूठा आरोप मढ़ा।

हैरानी की बात यह है कि वैध दस्तावेज दिखाने के बावजूद आरोपियों ने उसे डराना बंद नहीं किया। उन्होंने नाबालिगों से काम कराने और जीएसटी चोरी जैसे गंभीर मामलों में फंसाकर गैराज सीज करने की धमकी दी। इस कार्रवाई से बचने के बदले में आरोपियों ने 50 हजार रुपए प्रति माह ‘बंदी’ (रिश्वत) की मांग की, जो बाद में सौदा तय होने पर 25 हजार रुपए मासिक पर आकर रुकी।

जाल बिछाकर कांस्टेबल को दबोचा पीड़ित की शिकायत का सत्यापन करने के बाद एसीबी की टीम ने बुधवार रात अपना जाल बिछाया। जैसे ही कांस्टेबल नागेंद्र सिंह ने रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 20 हजार रुपए स्वीकार किए, अंधेरे का फायदा उठाने की कोशिश कर रहे आरोपी को ब्यूरो की टीम ने दबोच लिया। भ्रष्टाचार के इस खेल में शामिल सहायक उपनिरीक्षक (ASI) शक्तिसिंह और कांस्टेबल अनिल मीणा फिलहाल मौके से फरार होने में कामयाब रहे, जिनकी गिरफ्तारी के लिए एसीबी की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

आमजन में बढ़ेगा विश्वास खाकी की आड़ में सरेआम लूट मचाने वाले इन पुलिसकर्मियों पर हुई इस कार्रवाई से स्थानीय व्यापारियों ने राहत की सांस ली है। एसीबी अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है कि क्या इस गिरोह ने अन्य लोगों को भी इसी तरह अपना निशाना बनाया है। फिलहाल, गिरफ्तार कांस्टेबल से पूछताछ जारी है और फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।

Spread the love