
अजमेर: राजस्थान के अजमेर शहर में शुक्रवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है। यहां आदर्श नगर थाना क्षेत्र में थाने के सामने हाईवे पर एक स्लीपर बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इस हादसे में बस ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार 20 से अधिक यात्री घायल हो गए। सभी यात्री अहमदाबाद से सीकर जा रहे थे और दुल्हन के रिश्तेदार बताए जा रहे हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही सीओ मनीष बडगूजर के नेतृत्व में आदर्श नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को अजमेर के जवाहरलाल नेहरू (जेएलएन) अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे के बाद अस्पताल प्रशासन भी सक्रिय हो गया। सूचना मिलने पर जेएलएन मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. अनिल सामरिया और अस्पताल अधीक्षक डॉ. अरविंद खरे अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों को घायलों का तुरंत इलाज करने के निर्देश दिए।
शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे यात्री
घायल यात्रियों में शामिल किरण अग्रवाल ने बताया कि बस अहमदाबाद से सीकर जा रही थी। 7 मार्च को सीकर में उनकी बहन की बेटी की शादी होनी है, जिसके लिए परिवार के सदस्य यात्रा कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि दुल्हन पहले ही सीकर पहुंच चुकी थी, जबकि अन्य रिश्तेदार बस से जा रहे थे। हादसे के समय अधिकांश यात्री सो रहे थे, इसलिए दुर्घटना किस कारण हुई, इसकी जानकारी किसी को नहीं हो पाई।
प्रथम दृष्टया चालक को झपकी आने या अचानक तबीयत बिगड़ने से बस का नियंत्रण बिगड़ने की आशंका है। मामले की जांच की जा रही है।
मनीष बडगूजर, सीओ अजमेर
