जयपुर में 3 लाख रुपए- गहनों से भरा बैग चोरी:शादी का प्रोग्राम चल रहा था, महज 10 मिनट में दिया वारदात को अंजाम

जयपुर के एक मैरिज गार्डन से लाखों रुपए के गहने-कैश से भरा बैग चोरी का मामला सामने आया है। बेटी के शादी प्रोग्राम के दौरान पास ही कुर्सी पर रखा बैग चोरी हो गया। जामडोली थाने में दुल्हन के पिता ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है।

घटना जामडोली इलाके के श्रीनाथ विहार मैरिज गार्डन की है। जहां 6 फरवरी की रात करीब 10 बजे स्टेज पर शादी का प्रोग्राम चल रहा था। बेटी की शादी के दौरान दुल्हन के पिता का बैग चोरी हो गया, जिसमें सोने-चांदी के कीमती गहने और 3 लाख रुपए कैश रखे थे।

पीड़ित घनश्याम दत्त शर्मा (63) निवासी चंदवाजी अचरोल ने जामडोली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि हाथ में लिए बैग को पास की कुर्सी पर रखा था, लेकिन महज 10 मिनट बाद जब देखा तो बैग गायब था। काफी तलाश करने के बावजूद बैग का कोई सुराग नहीं मिला।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। अब सीसीटीवी फुटेज की मदद से चोरों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी पकड़े जाएंगे।

Spread the love