अजमेर में अफीम की खेती पकड़ी, किसान अरेस्ट:156 किलो 300 ग्राम हरे पौधे जब्त; फसलों की आड़ में कर रहा था खेती

अजमेर जिले में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए फसल की आड़ में अफीम की खेती कर रहे एक किसान को गिरफ्तार किया है। भिनाय थाना पुलिस ने खेत से 156 किलो 300 ग्राम अफीम के हरे पौधे जब्त किए हैं। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

भिनाय थाना प्रभारी ओमप्रकाश मीणा ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने बडला खेड़ा लामगरा में देवलिया कला निवासी श्योजी गोस्वामी पुत्र सुगन पुरी के खेत की तलाशी ली। जांच के दौरान खेत में सामान्य फसल के बीच भारी मात्रा में अवैध रूप से अफीम की खेती करना पाया गया।

156.300 किलोग्राम अफीम के हरे पौधे जब्त

पुलिस ने मौके से कुल 156.300 किलोग्राम अफीम के हरे पौधे जब्त किए। इसके बाद आरोपी श्योजी गोस्वामी को गिरफ्तार कर लिया गया। जब्त मादक पदार्थ को नियमानुसार कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।मामले की विस्तृत जांच सरवाड़ थाना प्रभारी को सौंपी गई है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी लंबे समय से इस अवैध गतिविधि में लिप्त था या इसके पीछे कोई संगठित गिरोह सक्रिय है।

Spread the love