
अजमेर में फूड सेफ्टी टीम ने दो फैक्ट्रियों पर छापा मारा और जांच के लिए मसालों के सेम्पल लिए। साथ ही मांगलियावास स्थित फैक्ट्री से 13 हजार किलो से ज्यादा मसाला सीज किया। इन मसालों के कट्टों पर तारीख नहीं लिखी थी। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर कार्रवाई होगी।सीएमचओ ज्योत्सना रंगा ने बताया- फूड सेफ्टी ऑफिसर की एक टीम ने श्री बाल गोपाल फूड्स (मसाला फैक्ट्री) अजमेर में निरीक्षण किया गया और वहां से हल्दी, मिर्ची, धनिया पाउडर के सेंपल लिए गए । जिसमें खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक सिंधी, केसरी नंदन शर्मा एवं राजेंद्र शर्मा शामिल रहे। साथ ही मांगलियावास में दूसरी टीम ने श्री हरि नमकीन फैक्ट्री मेसर्स श्री स्वामी नारायण फ़ूड प्राइवेट लिमिटेड में नमकीन व मिक्स मसाले के नमूने लिए गए।
मिक्स मसालों के कट्टों पर तारीख अंकित नहीं होने, इंग्रीडिएंट नहीं होने व कट्टे पुराने प्रतीत होने के कारण टोमेटो मिक्स मसाला व कुरकुरे मिक्स मसाले के नमूने लिए और कुल 13170 किलो मिक्स मसाला मौके पर सीज किया। टीम में आनंद कुमार, अजय मोयल व राजेश कुमार त्रिपाठी शामिल रहे। सभी नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत एफएसएस एक्ट के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
