
मुंबई।महाराष्ट्र के बारामती में एक बड़ा हादसा हुआ है, जहां उपमुख्यमंत्री अजित पवार का विमान लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में अजित पवार की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही बारामती समेत पूरे महाराष्ट्र में शोक की लहर दौड़ गई। खुद पीएम नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने सीएम फडणवीस से घटना की जानकारी ली। इस हादसे मे ंकुल 5 लोगों की मौत हुई है। घटना की सूचना पर सुप्रिया सुले भी बारामती के लिए रवाना हो गईं।
डिप्टी सीएम अजित पवार के निधन पर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह की प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम श्री अजीत पवार के असमय निधन के बारे में जानकर गहरा सदमा लगा और दुख हुआ। उन्होंने कहा कि अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में, वे महाराष्ट्र के विकास और समृद्धि के लिए समर्पित रहे। रक्षामंत्री ने आगे कहा कि वे लोगों के प्रति अपनी करुणा और सार्वजनिक सेवा के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए जाने जाते थे। राजनाथ सिंह ने कहा कि मैं उनके परिवार, शुभचिंतकों और प्रशंसकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूँ।
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने डिप्टी सीएम के निधन पर जताया दुख
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजीत पवार की चार्टर प्लेन क्रैश में हुई मौत पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि यह बहुत दुखद घटना है। उन्होंने कहा कि सुबह इस खबर को सुनकर मन बहुत विचलित हो उठा। उन्होंने आगे कहा कि हमारी उनके परिवार के प्रति पूरी संवेदनाएं हैं। इमरान मसूद ने कहा कि हमारी दुआ है कि ईश्वर उन्हें अपने चरणों में स्थान दे।
प्लेन क्रैश पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने दुख जताया
डिप्टी सीएम अजित पवार के निधन पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि यह सामाजिक और राजनैतिक क्षेत्र के लिए एक दुखद घटना है। उन्होंने आगे कहा कि सूचना है कि क्रैश हुए विमान में अजीत पवार जी भी सवार थे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अगर यह सच है तो आज का दिन बहुत दुर्भाग्य का दिन है
