
भीलवाड़ा के एक गांव में चोरों ने दो मंदिरों को निशाना बनााया। पहले राधा-कृष्ण मंदिर में चोरी की। इसके बाद इसी के पास स्थित देवनारायण मंदिर में चोरी का प्रयास किया। मामला कोटड़ी थाना के ऊकारपुरा गांव में बुधवार देर रात का है। चोरों ने राधा-कृष्ण मंदिर में रखी गैस की टंकी तक चुरा ले गए। इधर, सुबह जब ग्रामीणों को घटना के बारे में पता चला तो वे आक्रोशित हो गए। मामला कोटडी थाना क्षेत्र का है। यहां बीती रात चोरों ने दो मंदिरों को अपना निशाना बनाते हुए चांदी के मुकुट छत्र सहित अन्य सामग्री चुरा ली। मंदिर पुजारी दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 8 बजे वे पूजा के लिए मंदिर पहुंचे तो सामान बिखरा हुआ था। राधा–कृष्ण की मूर्तियों से चांदी के दो मुकुट,पूजन सामग्री,एक गैस की टंकी सहित कुछ अन्य सामान गायब था।चोरों ने राधा-कृष्ण मंदिर के पास बने देवनारायण भगवान के मंदिर में भी चोरी का प्रयास किया। यहां चोरों ने दानपात्र तोड़ने का प्रयास किया लेकिन दानपात्र नहीं टूट सका। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। गांव में एक साथ दो मंदिरों को निशाना बनाने से ग्रामीणों में रोष है, उन्होंने दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।
