
उदयपुर में सवारियों से भरी एक जीप बेकाबू होकर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, अचानक ब्रेक फेल होने के कारण ड्राइवर जीप पर नियंत्रण खो बैठा। जीप में क्षमता से अधिक सवारियां भरी होने के कारण हादसा और भी गंभीर हो गया। यह हादसा बुधवार दोपहर एक बजे कोटड़ा थाना क्षेत्र के डिंगावरी में हुआ।
जीप बिलवन से सवारियां लेकर कोटड़ा की ओर जा रही थी। हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर कोटड़ा पुलिस और 108 एम्बुलेंस घटनास्थल पर पहुंची और सभी घायलों को तुरंत कोटड़ा अस्पताल पहुंचाया गया।
डॉक्टरों ने घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। कोटड़ा पुलिस ने तीनों शवों को अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है और मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया है।
