
जोधपुर। जोधपुर से एक ऐसी रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है जिसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया है। एक कलयुगी पिता अपनी ही दो मासूम बेटियों की अस्मत से पिछले 12 सालों से खिलवाड़ कर रहा था। हैवानियत की हद पार करते हुए इस दरिंदे ने अपनी बड़ी बेटी का यौन शोषण तब शुरू किया था, जब वह महज 6 साल की मासूम बच्ची थी। नागौरी गेट थाना इलाके की इस दिल दहला देने वाली घटना का खुलासा तब हुआ जब बेटियों ने अपनी जान पर खेलकर और हिम्मत जुटाकर पुलिस को ईमेल के जरिए अपनी आपबीती सुनाई। जैसे ही पुलिस ने इस मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया, आरोपी पिता मौके से फरार हो गया।
इस खौफनाक दास्तां को सुनकर पुलिस अधिकारी भी सन्न रह गए। कॉलेज में पढ़ने वाली बड़ी बेटी ने बताया कि घर के अंदर बने इस नरक में वह सालों से जल रही थी। जब भी उसने या उसकी मां ने विरोध करने की कोशिश की, तो आरोपी पिता ने मां को जान से मारने की धमकी देकर उनका मुंह बंद करा दिया। जुल्म का यह सिलसिला यहीं नहीं थमा, आरोपी ने अपनी 15 साल की छोटी बेटी पर भी गंदी नजर डाली और उसके साथ गलत हरकत करने की कोशिश की। जब छोटी बेटी ने विरोध किया, तो हैवान पिता ने पूरे परिवार के साथ बेरहमी से मारपीट की।
बुधवार रात पुलिस ने जब ईमेल के आधार पर मां और बेटियों से संपर्क किया, तब जाकर इस गहरी साजिश और दरिंदगी का पर्दाफाश हुआ। पुलिस ने एफएसएल (FSL) टीम को बुलाकर मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और पीड़िता का मेडिकल मुआयना करवाया जा रहा है। थाना प्रभारी दिनेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस की टीमें अब फरार आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही हैं। समाज और रिश्तों के मुंह पर कालिख पोतने वाली इस घटना ने पूरे जोधपुर को झकझोर कर रख दिया है। मासूमों की चीखें भले ही सालों तक घर की दीवारों में दफन रहीं, लेकिन अब कानून का शिकंजा इस हैवान को सलाखों के पीछे पहुंचाने के लिए तैयार है।
