
अजमेर में दिनदहाडे़ एक व्यापारी को गोली मार दी गई। फायरिंग में घायल व्यापारी को इलाज के लिए सरकारी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पहुंची।
अजमेर जिले के केकड़ी के अजमेरी गेट स्थित अम्बिका प्रिंटर्स के व्यापारी महेंद्र साहू को गोली मारने की वारदात बुधवार शाम करीब चार बजे हुई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। कुछ दिन पहले पीड़ित के छोटे बेटे से भी मारपीट की थी।
कहासुनी के बाद किया फायर
एडिशनल एसपी राजेश कुमार मील ने बताया- केकड़ी के अजमेरी गेट स्थित अम्बिका प्रिंटर्स के मालिक महेंद्र साहू व केकड़ी निवासी अजय साहू के बीच पैसे को लेकर विवाद चल रहा है। महेंद्र की दुकान पर शाम करीब चार बजे अजय साहू अपने साथियों के साथ पहुंचा। आरोपी अजय ने कहासुनी के बाद महेंद्र पर फायर कर दिया। गोली महेंद्र के पेट व हाथ में लगी। इससे वह लहूलुहान होकर नीचे गिर पड़ा।
मौके पर मौजूद लोगों ने पीड़ित को अस्पताल पहुंचाया। जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं आरोपी अजय को पुलिस ने मौके से ही हिरासत में ले लिया। घटना में प्रयुक्त वाहन को जब्त कर लिया है। दो अन्य आरोपियों को भी डिटेन किया है।
