अजीबोगरीब वारदात: चोरी के लिए रसोई की खिड़की चुनी, खुद ही बन गया कैदी, पुलिसिया स्टिकर लगी संदिग्ध कार से पहुंचे थे बदमाश

कोटा। शहर के बोरखेड़ा थाना क्षेत्र के प्रताप नगर इलाके में चोरी की एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसे सुनकर हर कोई दंग है। यहाँ एक चोर मकान में सेंधमारी करने के इरादे से रसोई के एग्जॉस्ट फैन वाले छेद से अंदर घुसने की कोशिश कर रहा था, लेकिन वह अपनी ही योजना का शिकार हो गया। चोर करीब एक घंटे तक उस संकरे छेद में फंसा रहा और उसकी जान हलक में अटकी रही। सोमवार को इस पूरी घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में यह चर्चा का विषय बना हुआ है। दिलचस्प बात यह है कि आरोपी जिस कार में सवार होकर चोरी करने आया था, उस पर पुलिस का स्टिकर लगा हुआ था, जिससे उसकी संदिग्ध गतिविधियों पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

वारदात का शिकार होने से बचे मकान मालिक सुभाष कुमार रावत ने बताया कि वे अपनी पत्नी के साथ 3 जनवरी को खाटूश्यामजी के दर्शन करने गए थे। 4 जनवरी की रात करीब 12:50 बजे जब वे घर लौटे, तो जैसे ही स्कूटी की रोशनी घर के पिछले हिस्से पर पड़ी, उनके होश उड़ गए। उन्होंने देखा कि रसोई के एग्जॉस्ट वाले छेद में एक व्यक्ति आधा अंदर घुसा हुआ है और आधा बाहर लटका है। सुभाष के शोर मचाते ही बाहर खड़ा चोर का साथी मौके से फरार हो गया, लेकिन छेद में फंसा हुआ चोर बाहर नहीं निकल पाया। शोर सुनकर आसपास के पड़ोसी और एडवोकेट अमन सिंह भी मौके पर जमा हो गए और आरोपी को रंगे हाथ दबोच लिया। पकड़े जाने पर चोर ने अपनी दबंगई दिखाते हुए पड़ोसियों को जान से मारने की धमकी भी दी।

पीडि़त परिवार ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने 100 और 112 नंबर पर कई बार कॉल किया, लेकिन काफी मशक्कत के बाद संपर्क हो सका। करीब डेढ़ बजे पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और छेद में फंसे चोर को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकालकर हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान आरोपी की जेब से एक कार की चाबी मिली, जिसकी निशानदेही पर पुलिस ने आरजे 20 यूबी 3418 नंबर की एक कार बरामद की है। इस कार पर पुलिस का स्टिकर और सफेद पर्दे लगे हुए थे, जो पहले भी इलाके में संदिग्ध रूप से घूमती देखी गई थी। बोरखेड़ा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है कि आखिर पुलिसिया स्टिकर लगी कार का इस्तेमाल वह किस मकसद से कर रहा था।

Spread the love