
उदयपुर। जिले के राजस्व ग्राम लखावली में उदयपुर विकास प्राधिकरण (UDA) द्वारा अनुमोदित कॉलोनी के मुख्य प्रवेश मार्ग को अवैध रूप से अवरुद्ध किए जाने का मामला सामने आया है। कॉलोनी के भूखंडधारियों ने आरोप लगाया है कि प्रवेश मार्ग पर खड्डा खोदकर रास्ता पूरी तरह बंद कर दिया गया, जिससे आवागमन ठप हो गया है।
भूखंडधारियों का कहना है कि जब उन्होंने अपने स्तर पर रास्ता सुचारू करने का प्रयास किया, तो कुछ लोगों ने मौके पर पहुंचकर हथियारों के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इस घटना के बाद कॉलोनीवासियों में भय और आक्रोश का माहौल है।
पीड़ित भूखंडधारियों ने इस संबंध में जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर अवैध अतिक्रमण तत्काल हटवाने, कॉलोनी का प्रवेश मार्ग खुलवाने तथा धमकी देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। भूखंडधारियों का कहना है कि कॉलोनी UDA से स्वीकृत होने के बावजूद यदि रास्ता सुरक्षित नहीं है, तो आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासनिक कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में भूखंडधारियों ने आंदोलन की चेतावनी भी दी है।
