
बांसवाड़ा। जिले के दानपुर थाना क्षेत्र स्थित भाटिया महुड़ा गांव में शुक्रवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया, जहां एक ही परिवार के चार मासूम बच्चों ने अनजाने में जहरीले रतनजोत के बीजों का सेवन कर लिया। बच्चे घर के पास खेत में खेल रहे थे, तभी उन्होंने पौधों पर लगे बीजों को फल समझकर खा लिया। बीजों के पेट में जाते ही 6 से 8 साल की उम्र के दिलीप, शिवराज, रीना और पूजा को तेज उल्टियां होने लगीं और वे खेत में ही निढाल होकर गिर पड़े। बच्चों की हालत देख घबराए परिजन उन्हें तुरंत निजी वाहन से छोटी सरवन अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गंभीर स्थिति में महात्मा गांधी अस्पताल रेफर कर दिया गया।
चिकित्सकों के अनुसार, समय पर अस्पताल लाने के कारण बच्चों की स्थिति अब स्थिर है, लेकिन उन्हें रातभर डॉक्टरों की विशेष निगरानी में रखा गया है। गौरतलब है कि ग्रामीण इलाकों में रतनजोत के पौधों का इस्तेमाल अक्सर बाड़ लगाने के लिए किया जाता है, लेकिन इसके बीज इंसानों और पशुओं के लिए बेहद जहरीले होते हैं। इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। गनीमत रही कि परिजनों की सतर्कता से बच्चों को समय पर इलाज मिल गया, जिससे उनकी जान बच सकी।
