राठौड़ बोले-चुनाव में भैरूजी का भूत आता है क्या ?:पता नहीं क्या फैसला कर डालते हो, कमीशन मांगना संसदीय लोकतंत्र पर कालिख


सरदारशहर। विधायक निधि में कमीशन के मामले को लेकर पूर्व नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि ये दुर्भाग्यपूर्ण है। संसदीय लोकतंत्र पर कालिख है। राजस्थान की इस तरह की कार्य संस्कृति नहीं रही है। साथ ही राठौड़ ने लोकसभा और विधानसभा चुनाव को लेकर मजाकिया अंदाज में कहा कि चुनाव के समय आप में कौनसा भैरू जी का भूत आ जाता है।
दरअसल पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ सोमवार को चूरू जिले के सरदारशहर पहुंचे थे। जहां उन्होंने रीको औद्योगिक क्षेत्र स्थित अग्निशमन केंद्र परिसर आयोजित कार्यक्रम में करोड़ों रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण किया।जिसमें रीको औद्योगिक क्षेत्र में नवनिर्मित अग्निशमन केंद्र, प्रमुख सड़कों का निर्माण, हाईमास्ट लाइटिंग और डिवाइडर शामिल हैं।
इस दौरान सरदारशहर विधानसभा चुनाव में बीजेपी को मिली हार को लेकर राजेंद्र राठौड़ ने मजाकिया अंदाज में कहा कि
ना जाने जब चुनाव आता है तो कौनसा भैरू जी का भूत आप पर चढ़ता है कि आप फैसला क्या कर डालते हो। खैर अब तो अलग बात है। अब नगर की सरकार के चुनाव में आप कड़ी से कड़ी जोड़ोगे।

कमीशन मांगने वाले वीडियो को लेकर बोले-ये दुर्भाग्यपूर्ण
विधायक निधि में कमीशन मांगने के वीडियो को लेकर राजेंद्र राठौड़ ने कहा-ये दुर्भाग्यपूर्ण है। संसदीय लोकतंत्र पर कालिख है। मैं मुख्यमंत्री जी को धन्यवाद देना चाहूंगा कि उन्होंने उच्च स्तरीय कमेटी बनाई है जो मामले की जांच कर रही है। सदाचार कमेटी में भी ये मामला गया है। राजस्थान की इस तरह की कार्य संस्कृति नहीं रही है।

अरावली को लेकर गहलोत सरकार पर निशाना
अरावली को लेकर राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि अरावली को लेकर सरकार सजग है। अरावली को बचाना सभी का धर्म है। अरावली में अब तक 1007 खनन के पट्टे दिए गए हैं। जिसमें 700 गहलोत साहब ने दिए हैं।

Spread the love