
पाली। जिले में एक महिला सरकारी कर्मचारी ने NSUI (नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया) के जिलाध्यक्ष विजय जोशी के खिलाफ शादी का झांसा देकर कथित तौर पर दुष्कर्म करने और उससे ₹30 लाख की राशि हड़पने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर शुक्रवार को औद्योगिक नगर थाने में मामला दर्ज किया गया है। रिपोर्ट में विजय जोशी के साथ ही उनकी मां और भाई को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
किराए के फ्लैट से शुरू हुई जान-पहचान
औद्योगिक थाने के SHO सुमेरदान ने बताया कि 24 वर्षीय पीड़िता ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि अप्रैल 2023 में उसे मकान की जरूरत थी, और इसी दौरान उसकी मुलाकात विजय जोशी से हुई। पीड़िता ने जोशी का फ्लैट किराए पर लिया और वहां रहने लगी। शुरुआती दौर में विजय और उसके परिवार के सदस्यों ने पीड़िता के साथ आत्मीयतापूर्ण व्यवहार किया।
कोल्ड ड्रिंक पिलाकर किया बेहोश और रेप किया
पीड़िता ने आरोप लगाया कि 3 जुलाई 2025 को वह फ्लैट पर अकेली थी और रो रही थी। इस दौरान विजय जोशी ने आकर उसे सांत्वना दी। वह बाजार से कोल्ड ड्रिंक और स्नेक्स लेकर आया। पीड़िता का आरोप है कि कोल्ड ड्रिंक पीते ही वह बेहोश हो गई। इसका फायदा उठाकर विजय जोशी ने उससे कथित तौर पर दुष्कर्म किया और उसके आपत्तिजनक फोटो-वीडियो भी बना लिए। घटना के बाद जोशी ने उससे जल्द ही शादी करने का वादा किया। पीड़िता ने बताया कि विजय ने उसे अपनी मां और भाई से भी मिलवाया और सभी ने पारिवारिक सदस्य जैसा व्यवहार किया, जिसके कारण उसने शुरू में रेप की घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई।
विश्वास में लिए 30 लाख और फ्लैट खाली करवाया
रिपोर्ट के अनुसार, पीड़िता को विजय पर पूरा विश्वास हो गया था और वह उसके साथ कई शहरों में घूमने भी गई थी। इस दौरान दोनों में सहमति से कई बार संबंध भी बने। पीड़िता ने बताया कि उसने अपना एक प्लॉट ₹14 लाख में बेचा था, जिसकी जानकारी विजय जोशी को थी। विजय ने विश्वास में लेकर ये रुपए पीड़िता से ले लिए। बाद में रुपयों की आवश्यकता बताकर उसने पीड़िता से लोन करवाकर भी पैसे लिए, जिससे कुल मिलाकर ₹30 लाख की राशि विजय जोशी ने हड़प ली। फरवरी 2025 में, घर में सामाजिक कार्यक्रम का बहाना बनाकर विजय ने पीड़िता से फ्लैट भी खाली करवा लिया।
शादी से इनकार और धमकी के बाद दर्ज हुआ केस
पीड़िता, जो एक सरकारी कर्मचारी है, ने बताया कि विजय लगातार उसे शादी का आश्वासन दे रहा था, लेकिन शादी नहीं कर रहा था। एक दिन जब उसने विजय को दूसरी लड़की के साथ देखा तो दोनों में झगड़ा हो गया। इस पर विजय ने पीड़िता से कहा कि “तुम्हें जो करना है, कर लो, अब न तो शादी करूंगा और न ही ₹30 लाख रुपए वापस दूंगा।” इससे पीड़िता डिप्रेशन में चली गई और आखिरकार परेशान होकर उसने मामला दर्ज करवाया।
