सूरत की मशहूर सुरभि डेयरी का मालिक अरेस्ट

गुजरात में 2 साल से रोज 200 किलो नकली पनीर बेच रही थी कंपनी, भतीजा फरार

सूरत. गुजरात का डायमंड सिटी सूरत की मशहूर डेयरी के मालिक को शैलेश छगन पटेल को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, उसके गोदाम का संचालन करने वाला कौशिक पटेल फरार हो गया है, जिसकी तलाश की जा रही है।

आरोपी शैलेश पटेल ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि वह 50 व्यापारियों को नकली पनीर होलसेल में बेचा करता था। नकली पनीर लेने के लिए गोदाम पर खान-पान की लॉरी, डेयरी, होटल और रेस्टोरेंट के संचालक आते थे। उन्हें बाजार से काफी सस्ते दाम पर पनीर बेचता था।

गुजरात में सूरत की मशहूर डेयरी सुरभि लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ कर रही थी। यह डेयरी लोगों को रोज 200 किलो नकली पनीर खिलाती थी। इन पनीर को ऐसे केमिकल से बनाया जाता था, जिससे लीवर, किडनी की गंभीर बीमारियों और कैंसर होने का खतरा है। स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने 12 नवंबर को सुरभि डेयरी के दो ठिकानों पर छापा मारकर 955 किलो नकली पनीर जब्त किया था।

1 लाख किलो पनीर सूरत के बाजारों में बिका छापे के दौरान 7 लीटर ग्लेशियल एसिटिक एसिड मिला। आरोपी ने स्वीकार किया कि पनीर नकली था और बाजार में असली पनीर के मुकाबले सस्ते दामों पर बेचा जाता था। पुलिस का अनुमान है कि यह नेटवर्क पिछले 2 साल से चल रहा था और अब तक करीब 1 लाख किलो नकली पनीर सूरत के बाजारों में बेचा जा चुका होगा।

एसओजी ने पहली कार्रवाई खटोदरा में सौरठिया कंपाउंड की दुकान नंबर 434 में की। वहां स्थित सुरभि डेयरी के गोदाम से ₹1,81,343 रुपए का 755.621 किलो नकली पनीर मिला। डेयरी संचालक शैलेश ने बताया कि यह नकली माल सायण यूनिट से आता था।

Spread the love