अहमदाबाद विमान हादसा: मृतकों का आंकड़ा अब 275 तक पंहुच

पल पल राजस्थान

अहमदाबाद। अहमदाबाद विमान हादसे में मौतों का आंकड़ा अब 275 तक पहुंच चुका है। एयर इंडिया के इस विमान में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें से 241 की मौत हो चुकी है, जबकि एक यात्री बच गया।

वहीं हादसे का शिकार बना बीजे मेडिकल कॉलेज हॉस्टल, जहां मलबे में दबकर 34 लोग मारे गए, जिनमें 5 डॉक्टर और हॉस्टल स्टाफ के सदस्य शामिल हैं।

इस भीषण विमान हादसे के बाद शनिवार को मलबा हटाते वक्त बीजे मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल से एक और शव बरामद हुआ है। शव विमान की टेल में फंसा हुआ था, जिसे रेस्क्यू टीम ने सावधानी से नीचे उतारा।

बताया जा रहा है कि यह शव संभवतः एक एयर होस्टेस का हो सकता है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि डीएनए रिपोर्ट आने के बाद ही की जाएगी।

हादसे में मारे गए लोगों की पहचान और डीएनए सैंपलिंग का काम लगातार जारी है। यहां परिजनों की भारी भीड़ है और अस्पताल प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए हैं।

पोस्टमॉर्टम यूनिट के आसपास आम लोगों की एंट्री पूरी तरह से बंद है। परिवार वाले अपनों की तलाश में रोते-बिलखते नजर आ रहे हैं।

अब तक 270 से ज्यादा शवों का पोस्टमॉर्टम किया जा चुका है, जबकि 230 से ज्यादा डीएनए सैंपलिंग हो चुकी है।
अब तक केवल 8 शवों की ही शिनाख्त हो पाई है। बाकी सभी की पहचान प्रक्रिया जारी है।

इस हादसे के बाद न सिर्फ गुजरात, बल्कि पूरे देश में शोक की लहर है। केंद्र सरकार और एयरलाइंस की टीमें लगातार राहत और पुनर्वासन कार्य में जुटी हुई हैं।

Spread the love