पल पल राजस्थान
मध्य प्रदेश। उज्जैन में लव जिहाद का मामला सामने आया है। शहर से 35 किलोमीटर दूर बिछड़ोद में हिंदू लड़कियों को टारगेट कर अश्लील फोटो-वीडियो बनाए गए। इन्हें वायरल करने की धमकी देकर दुष्कर्म किया गया।
अब तक 4 पीड़ित लड़कियों का पता चला है। इनमें 2 नाबालिगों में से एक को ईद के दिन जबरन गले लगाकर फोटो-वीडियो बनाए गए। फिर उन्हें वायरल करने की धमकी देकर दुष्कर्म किया गया। मामला तब उजागर हुआ, जब एक लड़की का अश्लील वीडियो गांव में वायरल हो गया।
वीडियो के आधार पर ग्रामीणों ने मंगलवार को गांव के ही फरमान मंसूरी (19) सहित एक अन्य लड़के को दबोच लिया। उज्जैन लाते वक्त फरमान ने पुलिस से रायफल छीनकर भागने की कोशिश की। शॉर्ट एनकाउंटर में उसके पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उसे उज्जैन जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस के मुताबिक, फरमान ने रात में सीने में दर्द का बहाना बनाया था। जिस पर पुलिस इलाज के लिए उसे उज्जैन ला रही थी। इसी दौरान निपानिया के पास आरोपी ने भागने का प्रयास किया। पेशाब जाने के बहाने आरक्षक से राइफल छीनकर पुलिस पर दो फायर किए
गैंग बनाकर लड़कियों को किया टारगेट
मामले में अब तक चार लड़कियों का पता चला है। सभी एक ही जगह की रहने वाली हैं। इनमें से दो के अश्लील वीडियो मिले हैं। आरोपी दो अन्य लड़कियों से इंस्टाग्राम से जुड़े थे और संभवत: वे इनका अगला शिकार थीं।
जब दो आरोपियों को पकड़ा गया तो पता चला कि ये सभी आपस में संपर्क में थे और गैंग बनाकर लड़कियों को टारगेट कर रहे थे। मुख्य आरोपी फरमान उज्जैन आरटीओ में एजेंट का काम करता है। वह महंगी गाड़ियों में घूमता था। इसके वीडियो दिखाकर लड़कियों से सोशल मीडिया पर दोस्ती करता था।
पुलिस ने मोबाइल खंगाले तो पता चला कि आरोपी आपस में लड़कियों के वीडियो-फोटो शेयर करते थे। यह पिछले डेढ़ साल से चल रहा था। इन्होंने ग्रुप बनाकर कुछ अन्य लड़कियों से भी संपर्क किया था, लेकिन सफल नहीं हुए।
पुलिस बोली- दो लड़कियां सामने आईं, अन्य से संपर्क करेंगे
उज्जैन एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया- वीडियो वायरल होने के बाद मुख्य आरोपी फरमान को ग्रामीणों की मदद से हिरासत में लिया है। मोबाइल जांच से 6 अन्य लोगों को पकड़ा है। इनके पास अश्लील वीडियो, फोटो और चैट मिले हैं।
2 लड़कियों ने एफआईआर दर्ज कराई है, जिसमें फरमान और जुबैर का नाम सामने आया है। सातों के मोबाइल जब्त कर साइबर टीम और फोरेंसिक टीम एनालिसिस कर रही है। सोशल मीडिया अकाउंट को भी खंगाला जा रहा है। अन्य लड़कियों और महिलाओं से संपर्क की भी जांच की जा रही है।