बुजुर्ग महिला की हत्या कर सोने के गहने लूटने वाली गैंग का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

पल पल राजस्थान

भीलवाड़ा। भीलवाड़ा जिले के मांडल थाना क्षेत्र के घर में अकेले सो रही बुजुर्ग महिला की हत्या कर सोने के गहने लूटने वाली शातिर गैंग का पर्दाफाश किया है। गैंग के दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

घटना का विवरण:
23 अप्रैल को देवालाल ने मांडल थाने में रिपोर्ट दी थी कि देर रात उनकी माता रामू देवी घर में सो रही थीं, तभी दो अज्ञात बदमाश घर में घुसे और उनके नाक से सोने की चेन और नथ छीन ली। विरोध करने पर बदमाशों ने महिला के साथ मारपीट की, जिससे गंभीर रूप से घायल रामू देवी ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

पुलिस की तफ्तीश:
वारदात की गंभीरता को देखते हुए डिप्टी मेघा गोयल के नेतृत्व में एक स्पेशल टीम का गठन किया गया। टीम ने 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले, 150 से ज्यादा मोबाइल नंबरों का विश्लेषण किया और विभिन्न जेलों से हाल ही में रिहा हुए अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखी।

कई डेरों पर दबिश और संदेहास्पद गतिविधियों पर नजर रखने के बाद पुलिस ने शंकर कालबेलिया और सुरेश मोगिया को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी रेकी कर अकेले रहने वाले बुजुर्गों को निशाना बनाते थे और रात के समय वारदातों को अंजाम देते थे।

गिरफ्तार आरोपी:

शंकर कालबेलिया (40 वर्ष), निवासी अरनिया, जिला चित्तौड़गढ़ — 23 आपराधिक मामले दर्ज।

सुरेश मोगिया (39 वर्ष), निवासी निकुंभ — 5 आपराधिक मामले दर्ज।

इन जिलों में दी वारदातों को अंजाम:
भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, उदयपुर, पाली और प्रतापगढ़ जिलों में कुल 10 वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की है।

खुलासे में शामिल घटनाएं:

भीमडियास गांव में बुजुर्ग महिला की हत्या और गहनों की लूट

गंगापुर और मांडल क्षेत्र में बुजुर्गों से सोने की मुरकियां लूटना

पाली के फालना में महिला से सोने के गोखरू लूटना

प्रतापगढ़ में मंदिर से चांदी के 9 छत्र चुराना

नाथद्वारा से बाइक चोरी करना

पुलिस टीम की भूमिका:
गैंग को पकड़ने में मांडल थाना प्रभारी राजपाल और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस दौरान साइबर सेल के एक कॉन्स्टेबल को पीछा करने के दौरान चोट भी आई।

Spread the love