
उदयपुर शहर के सेलिब्रेशन मॉल में मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दूसरी मंजिल पर स्थित दुकानों में अचानक पानी भर गया। सूत्रों के अनुसार किसी एक दुकान में पानी की पाइपलाइन फूटने से पानी तेजी से फैल गया और देखते ही देखते दूसरी मंजिल की कई दुकानें जलमग्न हो गईं। दुकानों में पानी भरने से व्यापारियों में हड़कंप मच गया। दुकानदार खुद पानी निकालने की मशक्कत करते नजर आए। अचानक हुए इस घटनाक्रम से दुकानों में रखे सामान को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। कई दुकानों में पानी घुसने से व्यापारियों को आर्थिक नुकसान होने की संभावना है। सवाल यह भी है कि मॉल की पाइपलाइन में आई खराबी के कारण इतना पानी कैसे फैल गया और समय रहते इसे रोका क्यों नहीं जा सका? फिलहाल दुकानदार पानी निकालने में जुटे रहे।
