सलूंबर में सड़क किनारे खड़े युवक को कार ने मारी टक्कर, अस्पताल में मौत; चालक फरार

सलूंबर। जिले के सराड़ा थाना क्षेत्र के डींगरी गांव में देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे बाइक के पास खड़े 50 वर्षीय बंशीलाल मेघवाल को तेज रफ्तार कार ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल बंशीलाल की उदयपुर के एमबी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।

टॉयलेट के लिए रुके थे, तभी हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, चावंड निवासी बंशीलाल मेघवाल पुत्र वेलचंद अपने साथी गणेशलाल के साथ उदयपुर से अपने पैतृक गांव जा रहे थे। रात करीब 10 बजे डींगरी गांव के पास दोनों रास्ते में टॉयलेट के लिए रुके थे। गणेशलाल टॉयलेट करने चला गया, जबकि बंशीलाल बाइक के पास खड़े थे।

इसी दौरान पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने बंशीलाल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह उछलकर दूर जा गिरे। हादसे में उनके चेहरे और सीने पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

झाड़ोल से उदयपुर किया रेफर

हादसे के बाद ग्रामीणों की मदद से घायल बंशीलाल को तुरंत झाड़ोल अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें उदयपुर के एमबी अस्पताल रेफर कर दिया। यहां पहुंचने पर देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया।

पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव

पुलिस के अनुसार, मृतक के भाई चम्पालाल मेघवाल की रिपोर्ट पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं, हादसे के बाद फरार हुए कार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस दुर्घटना में शामिल वाहन का पता लगाने में जुटी है।

Spread the love