हाईकोर्ट से लौट रहे झाड़ोल थानाधिकारी की सड़क हादसे में मौत, कार चालक घायल

उदयपुर। उदयपुर जिले के झाड़ोल थानाधिकारी बुद्धाराम विश्नोई की सड़क हादसे में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार वे जोधपुर हाईकोर्ट में पेशी के लिए गए थे। बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात वापस लौटते समय जोधपुर के पास उनकी कार की एक अज्ञात वाहन से जोरदार टक्कर हो गई।

हादसा इतना भीषण था कि थानाधिकारी बुद्धाराम विश्नोई की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार चालक सुनील हादसे में घायल हो गया। उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया जा रहा है कि बुद्धाराम विश्नोई की करीब दो महीने पहले ही झाड़ोल थानाधिकारी के पद पर पोस्टिंग हुई थी। उनके निधन की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।

हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। हादसा किस वाहन से हुआ और दुर्घटना के पीछे क्या कारण रहा, इसकी जांच की जा रही है।

पुलिस विभाग के अधिकारी और जवान थानाधिकारी बुद्धाराम विश्नोई के निधन पर शोक व्यक्त कर रहे हैं। हादसे की जांच के साथ पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों से अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

Spread the love