कानोड़ में 70वीं राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का समापन, जयपुर-1 और करौली अकादमी ने जीते खिताब

कानोड़। तुलसी अमृत निकेतन संस्थान में आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता छात्र वर्ग 17 एवं 19 वर्ष का समापन समारोह उत्साह और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। राजस्थान के विभिन्न जिलों से पहुंची टीमों के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया।

कई दिनों तक चले रोमांचक मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया और अपने शानदार प्रदर्शन से दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच कड़े मुकाबले देखने को मिले।

समापन समारोह की मुख्य अतिथि वल्लभनगर की पूर्व विधायक प्रीति गजेंद्र सिंह शक्तावत थीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंचायत समिति भीण्डर के पूर्व प्रधान करण सिंह कोठारी ने की।

17 वर्ष छात्र वर्ग में जयपुर-1 विजेता

17 वर्ष छात्र वर्ग में जयपुर-1 ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। करौली अकादमी उपविजेता रही, जबकि चूरू अकादमी ने प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त किया।

19 वर्ष में करौली अकादमी ने मारी बाजी

19 वर्ष छात्र वर्ग में करौली अकादमी ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। भरतपुर की टीम दूसरे स्थान पर रही, जबकि श्रीगंगानगर ने तीसरा स्थान हासिल किया।

विजेता खिलाड़ियों का हुआ सम्मान

समापन समारोह में विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। अतिथियों ने खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें खेल के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगिता ने युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करने के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का भी संदेश दिया।

Spread the love