उदयपुर। 2 करोड़ रुपए की रिश्वत के मामले में गिरफ्तार SOG के एडिशनल SP मुकेश कुमार सोनी और उनके कथित दलाल सज्जन सिंह से एसीबी की पूछताछ जारी है। इसी बीच एसीबी ने उस Ford Endeavour कार को भी जब्त किया है, जिसमें कथित तौर पर रिश्वत की डील को लेकर बातचीत हुई थी। कार का नंबर RJ27 UB9666 बताया गया है।
एसीबी के अनुसार यह कार एक खनन व्यवसायी की बताई जा रही है। कार को अंबामाता थाना क्षेत्र स्थित उसके घर से जब्त किया गया। एसीबी ने कार मालिक से फोन पर कई बार संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन बंद होने के कारण उससे संपर्क नहीं हो पाया।
बताया जा रहा है कि एडिशनल SP मुकेश सोनी सिविल ड्रेस में इसी निजी कार से रानी रोड पहुंचे थे। कथित तौर पर कार में आगे की सीट पर दलाल सज्जन सिंह और पीछे की सीट पर परिवादी निरंजन मोगरा बैठा था। इसी दौरान रिश्वत की मांग को लेकर बातचीत हुई।

पूछताछ में रिश्वत मांगने से इनकार
एसीबी की DSP सोनू शेखावत ने ASP मुकेश सोनी, दलाल सज्जन सिंह, परिवादी और उसकी पत्नी को आमने-सामने बैठाकर करीब दो घंटे तक पूछताछ की। पूछताछ के दौरान ASP सोनी ने ज्यादातर सवालों के जवाब नहीं दिए और रिश्वत मांगने की बात से इनकार करता रहा।
दोनों आरोपी फिलहाल तीन दिन की रिमांड पर हैं। एसीबी उनसे दोबारा पूछताछ करेगी। इसके साथ ही एसीबी ASP की संपत्ति की जांच कर रही है। SOG कार्यालय से जब्त दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपियों के पास किन-किन मामलों की जांच थी।
उदयपुर SOG की जिम्मेदारी राजेश चौधरी को
रिश्वत कांड के बाद SOG उदयपुर की जिम्मेदारी ASP राजेश चौधरी को सौंपी गई है। वहीं SOG जयपुर के SP कुंदन कंवरिया को उदयपुर भेजा गया है। वे रिश्वत कांड की जांच के साथ नगर निगम के 272 प्लॉट घोटाले से जुड़े मामलों की भी समीक्षा करेंगे।
एसीबी उदयपुर ने 26 सितंबर को कथित तौर पर 2 करोड़ रुपए की रिश्वत लेते दलाल सज्जन सिंह को पकड़ा था। इसके बाद 27 सितंबर को SOG के एडिशनल SP मुकेश कुमार सोनी को गिरफ्तार किया गया।
एसीबी के मुताबिक यह रिश्वत उदयपुर नगर निगम के 272 प्लॉट घोटाले में FR लगाने और जब्त सामान छोड़ने के बदले मांगी गई थी। मामले में अब एसीबी की आगे की जांच और पूछताछ से कई अहम तथ्य सामने आने की उम्मीद है।
