मावा दुकान की आड़ में नशे का कारोबार, पुलिस ने MD, अफीम और डोडा पोस्त किया बरामद

जोधपुर। जोधपुर ग्रामीण पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मावा की दुकान की आड़ में चल रहे कथित नशे के कारोबार का खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से MD, अफीम और डोडा पोस्त बरामद किया है।

ग्रामीण एसपी पंकज यादव के अनुसार, कांस्टेबल बुद्धिप्रकाश मीणा से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कस्बे में स्थित एक मावा की दुकान पर दबिश दी। पुलिस के मुताबिक, दुकान की आड़ में मादक पदार्थों की बिक्री की जा रही थी।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने लोकेश सुथार निवासी कुंभारा को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 46 ग्राम MD, 100 ग्राम अवैध अफीम और 329 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया गया।

पुलिस ने बरामद मादक पदार्थों को जब्त कर आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

इस साल 22वीं कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भोपालगढ़ थाना पुलिस की इस साल यह 22वीं कार्रवाई है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मादक पदार्थ कहां से लाए गए थे और इनके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

मामले की आगे की जांच खेड़ापा थानाधिकारी लाखाराम को सौंपी गई है। पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और मादक पदार्थों की सप्लाई के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

Spread the love