जोधपुर। जोधपुर एयर फोर्स स्टेशन पर बहुराष्ट्रीय हवाई युद्धाभ्यास तरंग शक्ति-2026 का ऑपरेशनल फेज शुरू हो गया है। रविवार को एयर मार्शल पी.वी. शिवानंद ने औपचारिक रूप से अभ्यास का उद्घाटन किया और इसमें शामिल विभिन्न देशों के दलों के कमांडरों को आधिकारिक एक्सरसाइज पैच प्रदान किए। कार्यक्रम के समापन पर राजस्थानी संस्कृति पर आधारित विशेष प्रस्तुति भी आयोजित की गई।
12 अक्टूबर तक चलेगा युद्धाभ्यास
26 सितंबर से 12 अक्टूबर तक चलने वाले इस बहुराष्ट्रीय अभ्यास में भारत सहित कुल 8 देशों की वायु सेनाएं हिस्सा ले रही हैं। इस बार अभ्यास की थीम ‘Power in Partnership’ रखी गई है। इसका उद्देश्य भागीदार देशों के बीच आपसी समन्वय, ऑपरेशनल अनुभव और सैन्य क्षमताओं को बेहतर करना है।
इस अभ्यास में भारत के साथ अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, संयुक्त अरब अमीरात, फ्रांस, जर्मनी, श्रीलंका और बांग्लादेश की वायु सेनाएं शामिल हैं। इसके अलावा 32 से अधिक देशों के प्रतिनिधि ऑब्जर्वर के तौर पर अभ्यास को देख रहे हैं।
F-35, राफेल और F-16 समेत कई आधुनिक विमान
तरंग शक्ति-2026 में दुनिया के कई आधुनिक लड़ाकू और सैन्य विमान हिस्सा ले रहे हैं। इनमें F-35 Lightning II, राफेल और F-16 जैसे लड़ाकू विमान शामिल हैं। इनके साथ A400M और C-130J जैसे मिलिट्री ट्रांसपोर्ट विमान तथा MRTT और KC-30A जैसे हवा में ईंधन भरने वाले एयरक्राफ्ट भी अभ्यास का हिस्सा हैं।

अभ्यास के दौरान अलग-अलग देशों की वायु सेनाएं विभिन्न हवाई अभियानों में हिस्सा लेंगी और अपने ऑपरेशनल अनुभव साझा करेंगी। इससे संयुक्त अभियानों के दौरान आपसी तालमेल और संचार क्षमता को बेहतर करने का अवसर मिलेगा।

विदेशी मेहमानों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम
तरंग शक्ति के दौरान सैन्य अभ्यास के साथ सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों का भी आयोजन किया जा रहा है। विदेशी दलों को राजस्थान की संस्कृति और विरासत से परिचित कराने के लिए हेरिटेज टूर और सांस्कृतिक कार्यक्रम रखे गए हैं। साथ ही प्रतिभागियों के लिए नियमित योग और फिटनेस गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं।
इसके अलावा विदेशी डेलिगेशन को भारत के स्वदेशी एयरोस्पेस और डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र से परिचित कराने के लिए डिफेंस एक्सपो और इंडस्ट्री टूर भी प्रस्तावित हैं।
4 अक्टूबर को सेखों मैराथन
अभ्यास के दौरान परमवीर चक्र विजेता निर्मलजीत सिंह सेखों की स्मृति में 4 अक्टूबर को सेखों मैराथन आयोजित की जाएगी। इसे लेकर जिला प्रशासन और एयरफोर्स अधिकारियों के बीच बैठक भी हुई। बैठक में मैराथन के रूट, ट्रैफिक व्यवस्था, सुरक्षा और आयोजन से जुड़ी अन्य तैयारियों पर चर्चा की गई।
तरंग शक्ति-2026 के जरिए भारतीय वायुसेना और मित्र देशों की वायु सेनाओं को एक साथ ऑपरेशनल अनुभव साझा करने और संयुक्त हवाई अभियानों का अभ्यास करने का अवसर मिल रहा है।
