अजमेर में CRPF जवान से मारपीट और ब्लैकमेलिंग का आरोप, 89 हजार रुपए ट्रांसफर करवाए

अजमेर। अजमेर में एक CRPF जवान के साथ मारपीट, ब्लैकमेलिंग और ऑनलाइन रुपए ट्रांसफर करवाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ युवकों ने मदद के बहाने जवान को जनाना अस्पताल बुलाया और फिर उसे कार में बैठाकर करीब दो घंटे तक शहर में घुमाया।

पीड़ित के अनुसार, 25 सितंबर की रात करीब 10 बजे उसके मोबाइल पर मदद से जुड़ा एक मैसेज आया था। मैसेज के जरिए उसे जनाना अस्पताल बुलाया गया। अस्पताल पहुंचने पर एक युवक सफेद रंग की कार में मिला और मरीज होने की बात कहकर जवान को कार में बैठा लिया।

आरोप है कि जवान के कार में बैठते ही तीन अन्य युवक भी उसमें सवार हो गए। इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और कथित तौर पर उसका अश्लील वीडियो बना लिया। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपियों ने उसके बैंक खाते से अलग-अलग खातों में करीब 89 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए।

करीब 2 घंटे तक कार में घुमाने का आरोप

पीड़ित ने बताया कि आरोपी उसे करीब दो घंटे तक शहर में कार से घुमाते रहे। उसके अनुसार कार सफेद रंग की थी और नंबर के अंतिम अंक VIP बताए जा रहे हैं।

करीब दो घंटे बाद आरोपी उसे वापस उसकी बाइक के पास छोड़ गए। जाते समय उन्होंने जवान के मोबाइल से SIM कार्ड निकाल लिया और फोन वापस दे दिया।

घर पहुंचने के बाद जवान ने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद अगले दिन उसने कृष्णगंज थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।

कृष्णगंज थाना पुलिस ने BNS की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब आरोपियों की पहचान, कार और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है।

फिलहाल मामले में पुलिस जांच जारी है और आरोपों की पुष्टि जांच के बाद होगी।

Spread the love