SSC Centre को लेकर उदयपुर के विद्यार्थियों में आक्रोश, ADM को सौंपा ज्ञापन

उदयपुर। SSC CGL 2026 की परीक्षा में उदयपुर के अभ्यर्थियों को जयपुर और जोधपुर में परीक्षा केंद्र आवंटित किए जाने को लेकर विद्यार्थियों में नाराजगी सामने आई है। शुक्रवार को बड़ी संख्या में SSC अभ्यर्थियों ने उदयपुर के अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर) जितेंद्र ओझा को ज्ञापन सौंपकर परीक्षा केंद्र से जुड़ी समस्या के समाधान की मांग की।

अभ्यर्थियों का कहना है कि SSC CGL 2026 की अधिसूचना में उदयपुर को परीक्षा केंद्र के रूप में शामिल किया गया था। इसी आधार पर उदयपुर और उदयपुर संभाग के विद्यार्थियों ने परीक्षा सिटी के तौर पर उदयपुर का चयन किया था। लेकिन परीक्षा से करीब 10 दिन पहले जारी City/Centre की जानकारी में कई अभ्यर्थियों को उदयपुर के बजाय जयपुर और जोधपुर में परीक्षा केंद्र आवंटित किए गए।

विद्यार्थियों के अनुसार दूसरे शहरों में परीक्षा देने जाने से उन्हें लंबी दूरी की यात्रा, ठहरने, अतिरिक्त आर्थिक खर्च और समय की समस्या का सामना करना पड़ता है। ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले अभ्यर्थियों के लिए यह परेशानी और बढ़ जाती है।

ज्ञापन सौंपने पहुंचे विद्यार्थियों ने मांग की कि उदयपुर के अभ्यर्थियों की परीक्षा केंद्र संबंधी समस्या को SSC के संबंधित अधिकारियों के सामने उठाया जाए और आगामी परीक्षाओं के लिए उदयपुर में पर्याप्त एवं नियमित परीक्षा केंद्र उपलब्ध करवाने की दिशा में पहल की जाए।

उदयपुर के शिक्षाविद राजीव सुराणा ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों से SSC की विभिन्न परीक्षाओं में उदयपुर के अभ्यर्थियों को शहर से बाहर परीक्षा केंद्र मिलने की समस्या सामने आती रही है। इनमें CGL, CPO, CHSL, MTS, GD और Selection Post Phase जैसी परीक्षाएं शामिल हैं।

अभ्यर्थियों ने सवाल उठाया कि यदि SSC की अधिसूचना में उदयपुर को परीक्षा केंद्र के रूप में शामिल किया जाता है, तो परीक्षा के समय बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को दूसरे शहरों में केंद्र क्यों आवंटित किए जाते हैं।

ज्ञापन के दौरान अनुष्का संस्थान सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों से जुड़े विद्यार्थी और अन्य SSC अभ्यर्थी मौजूद रहे। विद्यार्थियों ने मांग की कि उदयपुर एवं उदयपुर संभाग के अभ्यर्थियों के लिए उदयपुर में ही पर्याप्त SSC परीक्षा केंद्र उपलब्ध कराए जाएं, ताकि उन्हें परीक्षा देने के लिए अनावश्यक रूप से दूसरे शहरों की यात्रा न करनी पड़े।

Spread the love