अंबामाता पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध पिस्टल के साथ मुख्य आरोपी गिरफ्तार

उदयपुर। अंबामाता थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए फायरिंग मामले के मुख्य आरोपी मोहम्मद इस्माइल उर्फ मन्नू उर्फ बड़ा मेवाती को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध पिस्टल और मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि अरबाज और आरिफ उसके घर पहुंचे थे और परिवार को पिस्टल दिखाकर डराया था। इसी बात का बदला लेने के लिए आरोपी ने अरबाज और आरिफ के घर पर फायरिंग की थी। आरोपी ने बरामद पिस्टल निंबाहेड़ा निवासी सलमान उर्फ बल्ली से खरीदना बताया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ अलग-अलग थानों में 27 प्रकरण दर्ज हैं।

इसी मामले में पुलिस ने अवैध हथियार और कारतूस सप्लाई करने के आरोप में शहजाद अहमद उर्फ चीनी को भी गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक देशी पिस्टल, मैगजीन और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ में शहजाद ने हथियार करीब तीन साल पहले अज्जू उर्फ अर्जुन से खरीदना बताया।

इसके बाद पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर अज्जू उर्फ अर्जुन को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि अज्जू और शहजाद उर्फ चीनी ने मध्यप्रदेश निवासी तौसीफ खान से दो पिस्टल और चार कारतूस खरीदे थे।

मामले में पुलिस अब खांजीपीर निवासी शहबाज खान की तलाश कर रही है। पुलिस हथियारों की खरीद-फरोख्त से जुड़े नेटवर्क की जांच में जुटी है। मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है।

Spread the love