बड़ी बेटी के अफेयर के शक में खौफनाक वारदात, पत्नी और तीन बेटियों की हत्या के बाद मंदिरों में घूमता रहा पिता

जयपुर में पत्नी और तीन बेटियों की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पिता राहुल झा (45) को रींगस से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में वारदात को लेकर कई चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी को अपनी बड़ी बेटी पर शक था। उसे लगता था कि बेटी का किसी युवक से अफेयर चल रहा है और रात के समय वह युवक घर मिलने आता है। इसी बात को लेकर पिछले दो-तीन महीनों से आरोपी का पत्नी के साथ विवाद चल रहा था। पत्नी बेटी का पक्ष लेती थी, जिससे उसका गुस्सा और बढ़ता गया।

मां-बेटी की हत्या की बनाई थी योजना

प्रारंभिक जांच के मुताबिक, आरोपी पहले अपनी पत्नी और बड़ी बेटी की हत्या करना चाहता था। लेकिन उसे यह चिंता भी थी कि उसके जेल जाने के बाद उसकी छोटी बेटियों की देखभाल कौन करेगा। इसी सोच के चलते उसने अपनी दोनों छोटी बेटियों को भी मारने का फैसला कर लिया।

आरोपी घर के बाहर से दो बड़े पत्थर लेकर आया था। इनमें से एक पत्थर घर के अंदर ले जाकर उसने सबसे पहले पत्नी पर हमला किया। इसके बाद नीचे कमरे में सो रही बड़ी बेटी और दोनों छोटी बेटियों की हत्या कर दी।

हत्या के बाद मंदिरों में बिताया पूरा दिन

चार हत्याओं को अंजाम देने के बाद आरोपी घर से निकल गया। पुलिस के मुताबिक, वह ई-रिक्शा और बस से घूमता रहा और जयपुर के तीन मंदिरों में दर्शन किए। उसने हत्या के बाद का पूरा दिन मंदिरों के आसपास ही बिताया।

आरोपी पहले भी अक्सर खाटूश्यामजी मंदिर जाता था। हत्या से करीब पांच-छह दिन पहले भी वह खाटूश्यामजी गया था। पुलिस ने जांच के दौरान उसके परिचितों से पूछताछ की और खाटूश्यामजी के CCTV फुटेज खंगाले।

फुटेज में आरोपी एक होटल के पास दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने उसके संभावित मूवमेंट के आधार पर रींगस रेलवे स्टेशन और बीकानेर बस स्टैंड के आसपास की CCTV फुटेज खंगाली। फुटेज में राहुल घूमता हुआ नजर आया। इसी आधार पर पुलिस ने उसे रींगस से पकड़ लिया।

85 वर्षीय पिता को क्यों नहीं मारा?

पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी ने अपने 85 वर्षीय पिता की हत्या नहीं की। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पिता को करीब 33 हजार रुपए की पेंशन मिलती थी और आरोपी को उम्मीद थी कि परिवार के बाकी सदस्यों की मौत के बाद उसका भाई पिता की देखभाल कर लेगा।

पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर वारदात की पूरी वजह, हत्या की योजना और घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

Spread the love