भीलवाड़ा। जिले की 9 नगरपालिकाओं में दूसरे चरण के तहत सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हुआ। शाहपुरा, जहाजपुर, बनेड़ा, गुलाबपुरा, मांडलगढ़, गंगापुर, आसींद, बिजौलिया और हमीरगढ़ में मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इन नगरपालिकाओं में करीब 1 लाख 34 हजार 805 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।
मतदान को लेकर कई जगहों पर उत्साह देखने को मिला। बनेड़ा में लोगों ने स्वैच्छिक रूप से बाजार बंद रखकर मतदान को प्राथमिकता दी। मतदान केंद्रों के बाहर प्रत्याशियों की ओर से सहायता बूथ भी लगाए गए, जहां मतदाताओं से अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की जा रही थी।
हमीरगढ़ में 20 मिनट तक रुकी वोटिंग
मतदान के दौरान हमीरगढ़ में EVM खराब होने का मामला सामने आया, जिसके चलते करीब 20 मिनट तक मतदान प्रभावित रहा। EVM में तकनीकी समस्या आने के बाद कुछ समय के लिए वोटिंग रोकनी पड़ी। वहीं, अधिकारियों की निगरानी में व्यवस्था को संभालने का प्रयास किया गया।
बनेड़ा में व्हीलचेयर पर पहुंचीं बुजुर्ग मतदाता
बनेड़ा में लोकतंत्र के प्रति बुजुर्ग मतदाता का उत्साह भी देखने को मिला। एक बुजुर्ग महिला व्हीलचेयर पर मतदान केंद्र पहुंचीं और अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। उनकी तस्वीर मतदान के प्रति जागरूकता और लोकतांत्रिक भागीदारी का संदेश देती नजर आई।
बनेड़ा नगरपालिका के 20 बूथों पर करीब 150 पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। वहीं दो क्रिटिकल बूथों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। डिप्टी गजेंद्र सिंह और थाना प्रभारी पूरे क्षेत्र में मॉनिटरिंग के साथ क्राउड कंट्रोल में जुटे रहे।
गुलाबपुरा में फर्जी वोटिंग के आरोप पर हंगामा
गुलाबपुरा में मतदान के दौरान फर्जी वोटिंग के आरोप को लेकर हंगामा होने की सूचना सामने आई। विवाद बढ़ने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और लोगों को बाहर किया। इसके बावजूद मतदान प्रक्रिया जारी रही।
गुलाबपुरा के 35 वार्डों में मतदान को लेकर मतदाताओं में उत्साह दिखाई दिया। दोपहर 1 बजे तक यहां 54.45 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। दोपहर बाद भी मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं की कतारें देखने को मिलीं।
सफाई और मूलभूत सुविधाओं को लेकर मतदाताओं की मांग
मतदान करने पहुंचे लोगों ने कहा कि नगरपालिका में ऐसा बोर्ड चुना जाना चाहिए जो क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं का समाधान कर सके। मतदाताओं ने खास तौर पर साफ-सफाई व्यवस्था में सुधार की जरूरत बताई।
Gen Z की पसंद- युवाओं को मिले नेतृत्व का मौका
इस चुनाव में युवाओं की भागीदारी भी खास नजर आई। कई युवा अपने परिवार के बुजुर्ग सदस्यों के साथ मतदान करने पहुंचे। Gen Z मतदाताओं का कहना है कि युवाओं को नेतृत्व का ज्यादा मौका मिलना चाहिए। उनका मानना है कि युवा चेहरों को जिम्मेदारी मिलने से वार्ड और नगरपालिका के विकास को नई दिशा मिल सकती है।

भीलवाड़ा में मतदान के दौरान कहीं EVM खराब होने से वोटिंग रुकी, कहीं फर्जी मतदान के आरोप पर हंगामा हुआ तो कहीं बुजुर्ग मतदाता व्हीलचेयर पर पहुंचकर लोकतंत्र के महापर्व में शामिल हुए। अब मतदाताओं के वोट से तय होगा कि नगरपालिकाओं में आने वाले समय में किसे शहर की सरकार चलाने की जिम्मेदारी मिलती है।
